नई दिल्ली: देशभर में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। जहाँ एक तरफ दक्षिण-पश्चिम मानसून की विदाई शुरू हो चुकी है, वहीं दूसरी तरफ उत्तर-पूर्व मानसून दक्षिण भारत में दस्तक दे रहा है। इस बीच, भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने देश के करीब 15 राज्यों में भारी बारिश, गरज-चमक और ओलावृष्टि को लेकर चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग के अनुसार, 14 अक्टूबर 2026 को दिल्ली, उत्तर प्रदेश, हरियाणा और पंजाब समेत कई इलाकों में मौसम खराब रहने और तेज हवाएं चलने की संभावना है।
उत्तर भारत में भारी बारिश और ओलावृष्टि की आशंका
आईएमडी के मुताबिक, 14 अक्टूबर को हरियाणा, पंजाब, दिल्ली, चंडीगढ़, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में गरज-चमक के साथ भारी बारिश हो सकती है। इसके अलावा पश्चिमी राजस्थान में तेज आंधी-तूफान के साथ ओलावृष्टि की भी आशंका जताई गई है। वहीं, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के ऊंचे पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी होने के आसार हैं। पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं (जो कभी-कभी 60 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती हैं) चल सकती हैं, जिससे बिजली गिरने का भी खतरा बना हुआ है।
इसे भी पढ़ेंः दिल्ली में वायु प्रदूषण पर सख्त हुआ CAQM: सड़कों की जांच में मिले 17 उल्लंघन, 'ऑपरेशन क्लीन एयर' तेज़
सुबह-शाम महसूस होने लगी हल्की ठंडक
दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर भारत के कई हिस्सों में मानसून के बाद अब सुबह और शाम के समय हल्की ठंडक महसूस होने लगी है। मौसम वैज्ञानिकों का मानना है कि आने वाले दिनों में ठंड धीरे-धीरे और बढ़ेगी, हालाँकि दिन के समय धूप निकलने से हल्की गर्मी बनी रह सकती है।
दक्षिण भारत और अन्य राज्यों में कैसा रहेगा मौसम?
- दक्षिण भारत: 14 से 19 अक्टूबर के बीच केरल, तमिलनाडु, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना के कई इलाकों में भारी बारिश का सिलसिला लगातार जारी रहने की संभावना है।
- मध्य भारत: मध्य प्रदेश, विदर्भ और छत्तीसगढ़ में 15 से 19 अक्टूबर के बीच छिटपुट बारिश होने के आसार हैं।
#मौसमअपडेट #IMDAlert #दिल्लीमौसम #भारीबारिश #ओलावृष्टि #मौसमपूर्वानुमान #WeatherUpdate #NorthIndiaWeather
#WeatherUpdate #IMDAlert #DelhiWeather #HeavyRain #Hailstorm #WeatherForecast #MonsoonWithdrawal #SouthIndiaRain





