प्रतिनिधि,जामा। जामा थाना पुलिस ने 24 घंटे के अंदर भूटोकोड़िया पंचायत के रांगा गांव के जंगल में युवती का रेफ एवं हत्या कर पेड़ से टांग देने के मामले का उद्भेदन करते हुए आरोपी प्रेमी को गिरफ्तार कर शुक्रवार को जेल भेज दिया है।
थाना प्रभारी अजित कुमार ने प्रेस बयान जारी कर बताया कि मृतका मेरिनिला बेसरा के पिता बाबुशल बेसरा ने अपने बयान में बताया था कि मुफसिल थाना क्षेत्र के जयपहाड़ी गांव के बाबुजन मुर्मू से उसकी बेटी प्रेम करती थी। बुधवार की शाम को वह गांव के बाहर मिलने के लिये प्रेमिका को बुलाया था। देर शाम तक घर वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने आसपास खोजबीन की थी,लेकिन कहीं पता नहीं चला। गुरुवार की सुबह उसका शव गांव के पास ही जंगल में टंगा मिला था। मृतका के पिता ने रेफ कर हत्या का आरोप लगाया है,जिसपर पुलिस द्वारा कांड संख्या 40/24 के तहत भादवि की धारा 302, 201 एवं 376 में मामला दर्ज कर किया गया। पुलिस अधीक्षक दुमका द्वारा जरमुंडी एसडीपीओ संतोष कुमार के नेतृत्व में छापेमारी दल का गठन किया गया। बीती रात छापेमारी कर आरोपी प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी पूर्व से शादीशुदा है एवं उसे बच्चे भी हैं। आरोपी के निशानदेही पर पुलिस ने एक सादा लाल गमछा, आसमानी रंग की छींटदार ओढ़नी, रियलमी कंपनी का एंड्रॉयड मोबाइल एवं हत्या में प्रयुक्त हीरो कंपनी का स्पलेंडर प्लस बाइक जब्त किया है।
छापेमारी दल में एसआई प्रभाष कुमार बर्णवाल, राजेन्द्र यादव, सुभाष एक्का, एएसआई कौशलेन्द्र सिन्हा, वीरेन्द्र कुमार सहित पुलिस के जवान शामिल थे।





