पूर्वांचल सूर्य प्रतिनिधि,गिरिडीह। गिरिडीह नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत मकतपुर लोहार गली के रहने वाले लाखों रुपए के पैकेज पर नौकरी करने वाले 24 वर्षीय युवक चंद्रजीत सिंह वाधवा का शव शुक्रवार की दोपहर को उसके घर में फंदे से लटका हुआ पाया गया। इस दौरान मृतक के नाना ने नगर थाना पुलिस को मामले की जानकारी दी। सूचना मिलने के बाद नगर थाना प्रभारी शैलेश प्रसाद पुलिस जवानों के साथ तुरंत उसके मकतपुर स्थित लोहार गली रोड स्थित आवास पहुंचे और घर का मेन गेट तोड़ कर अंदर जाने पर देखा कि मृतक का शव फंदे से लटक रहा है।





पुलिस को देखने के बाद मृतक के पड़ोसी व अन्य रिश्तेदार भी उसके घर पहुंचे। पुलिस ने रिस्तेदारो के सहयोग से शव को नीचे उतारा और उसे पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। हालांकि शव की जांच करने के पर मृतक के जेब से एक सुसाइड नोट बरामद हुआ,जिसमें चंद्रजीत ने अपने इच्छा से आत्महत्या की बात लिखी थी,लेकिन आत्महत्या का कारण फिलहाल स्पष्ट नही हो पाया। मृतक के पिता करोड़ रुपए की संपत्ति के मालिक है। साथ ही वो खुद भी प्राइवेट जॉब करता था।





मिली जानकारी के अनुसार मृतक कोलकाता में अपनी मां के साथ रहता था। जबकि मृतक के पिता गुरुनाम सिंह की मौत डेढ़ माह पहले ही हुई थी। पिता की मौत के बाद वह कोलकाता अपनी मां के इलाज के लिए गया हुआ था और वहीं रहता था। परिजनों के अनुसार तीन दिन पहले ही चंद्रजीत अपने पुश्तैनी घर गिरिडीह आया हुआ था। घर पर वह अकेले ही रह रहा था। गुरुवार की रात करीब नौ बजे अंतिम बार चंद्रजीत की बात उसके नाना से हुई थी। वहीं दूसरे दिन जब सुबह 8 बजे तक वह कॉल नही उठाया तो नाना ने इसकी जानकारी नगर थाना पुलिस को दी।