प्रतिनिधि,जमशेदपुर। 74 वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर बिस्टुपुर स्थित गोपाल मैदान में जिला स्तरीय मुख्य समारोह आयोजित किया गया। जिसमें बतौर मुख्य अतिथि सूबे के स्वास्थ्य, चिकित्सा, शिक्षा व आपदा मंत्री बन्ना गुप्ता ने झंडोत्तोलन कर परेड की सलामी ली। इस अवसर पर पद्मश्री पुरस्कार प्राप्त घाटशिला के जामुन सिंह सोय को सम्मानित भी किया गया।इस दौरान मंत्री के साथ साथ उपायुक्त और एसएसपी ने बुके एवं शॉल ओढ़ाकर सोय के प्रति सम्मान प्रकट किया। जामुन सिंह सोय को भाषा एवं साहित्य के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए भारत सरकार द्वारा पद्मश्री पुरस्कार से नवाजा गया है।





जिला स्तरीय समारोह में परेड का प्रदर्शन एवं झांकी मुख्य आकर्षण का केन्द्र रहे। परेड में 7 टुकड़ियां शामिल हुई। जिसमें सहायक पुलिस को प्रथम, जिला पुलिस बल (महिला) को द्वितीय तथा एनसीसी बालक को तृतीय स्थान मिला। इसी तरह झांकी में प्रथम स्थान शिक्षा विभाग, द्वितीय सिविल डिफेंस तथा तृतीय स्थान परिवहन कार्यालय को मिला। साथ ही विजेताओं को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया‌।





शिक्षा विभाग की झांकी में कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय और पटमदा की छात्राओं के बैंड की धुन ने सभी को मोह लिया। मंत्री द्वारा सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन व कार्यालय संबंधी कार्यों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले जिला प्रशासन के पदाधिकारियों एवं कर्मियों समेत पुलिस विभाग के पदाधिकारियों एवं कर्मियों को सम्मानित भी किया गया। इसके अलावा सभी प्लाटून के कमांडर एवं परेड कमांडर को भी मंत्री द्वारा पुरस्कृत किया गया।





इस मौके पर मंत्री बन्ना गुप्ता ने अपने संबोधन में देश के वीर सेनानियों को नमन करते हुए राज्य व जिलेवासियो को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं भी दी।उन्होने कहा कि 26 जनवरी 1950 को हमें संवैधानिक आजादी मिली है। आज हम सभी उन वीर सूफी, संत, महात्माओं, स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धासुमन समर्पित कर रहे हैं। जिनके त्याग और तपस्या से ही देश को आजादी मिली। जिसके कारण आज हम सभी संवैधानिक रूप से अपनी आजादी के 74वें वर्षगांठ को मना रहे हैं।





मंत्री बन्ना गुप्ता ने कहा कि बाबा साहेब अंबेडकर के योगदान को नहीं भुलाया जा सकता। जिन्होने संवैधानिक आजादी दिलाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।उन्होंने मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन के नेतृत्व में राज्य सरकार द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों को अपने संबोधन में लोगों के समक्ष रखते हुए कहा कि राज्य को समृद्ध एवं उन्नत बनाने के लिए हर संभव प्रयास किया जा रहा है।





इस मौके पर उपायुक्त विजया जाधव, एसएसपी प्रभात कुमार, एसपी सिटी के. विजय शंकर, एसडीएम पीयूष सिन्हा, एडीएम नंदकिशोर लाल, डीआरडीए निदेशक सौरभ सिन्हा समेत पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद थे।