पूर्वांचल सूर्य प्रतिनिधि,धनबाद।धनबाद जिले के 74 परीक्षा केन्द्रों पर झारखण्ड सामान्य स्नातक योग्यताधारी संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा-2023 ली जा रही है। परीक्षा के दौरान सुबह 8 बजे से दोपहर डेढ़ बजे तक इंटरनेट सेवा बंद रही। तीन शिफ्ट में ली जा रही यह परीक्षा प्रथम पाली में साढ़े आठ बजे से साढ़े दस बजे,दूसरी पाली साढ़े ग्यारह बजे से डेढ़ बजे और तीसरी पाली तीन बजे से पांच बजे तक चली।दूसरी पाली में परीक्षा देकर सेंटर से बाहर आयीं महिला परीक्षार्थियों ने बताया कि परीक्षा को लेकर सभी तरह की व्यवस्था संतोषजनक रही। प्रश्न पत्र भी उन्हें निर्धारित समय पर मिल गया। सुरक्षा के भी व्यापक इंतजामात थे।





कदाचारमुक्त तथा शांतिपूर्ण वातावरण में परीक्षा का संचालन कराने के लिए सभी परीक्षा केंद्रों के 100 मीटर परिक्षेत्र में परीक्षा अवधि तक धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा जारी की गई है।निषेधाज्ञा के दौरान परीक्षा अवधि में परीक्षा केन्द्रों के अगल-बगल अनावश्यक भीड लगाना,अवैध रूप से मटरगश्ती करना,ध्वनि विस्तारक यंत्र का उपयोग और अनाधिकृत रूप से हथियार लेकर चलने तथा कदाचार से संबंधित किसी प्रकार की गतिविधि और वस्तु का उपयोग करने आदि पर प्रतिबंध है।सभी परीक्षा केंद्रों पर 540 से अधिक पुलिस जवान व पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। परीक्षा बाधित करने वालों पर पैनी नजर रखी जा रही है।कदाचार करते पकड़े जाने पर सेंटर सुपरिंटेंडेंट द्वारा परीक्षार्थी पर एफआईआर दर्ज कराया जाएगा। रविवार को भी यह परीक्षा तीन शिफ्ट में ली जाएगी।