पटना:

बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के रण में अपनी जीत सुनिश्चित करने के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने सोमवार को पूरी संगठनात्मक ताकत झोंक दी। पार्टी प्रत्याशी नीरज कुमार के समर्थन में राजधानी पटना के भट्टाचार्या मोड़ से मोना सिनेमा तक एक ऐतिहासिक और भव्य रोड शो निकाला गया, जिसमें हजारों की संख्या में कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा।

चुनावी रथ की कमान खुद मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने संभाल रखी थी। उनके साथ रथ पर बिहार भाजपा अध्यक्ष संजय सरावगी, मंत्री श्रवण कुमार, सांसद रविशंकर प्रसाद और विधायक मंगल पांडेय सहित कई वरिष्ठ नेता सवार रहे।

ढोल-नगाड़ों और गगनभेदी नारों से गूंजा बांकीपुर

दोपहर से ही भट्टाचार्या मोड़ पर समर्थकों का जुटना शुरू हो गया था। शाम करीब 5 बजे जैसे ही शीर्ष नेतृत्व के साथ प्रत्याशी नीरज कुमार का चुनावी रथ आगे बढ़ा, पूरा इलाका 'जय श्री राम' और भाजपा के समर्थन में लगे गगनभेदी नारों से गूंज उठा।

यह रोड शो उमा सिनेमा, बुद्ध मूर्ति, कदमकुआं वेडिंग जोन, नाला रोड, ठाकुरबाड़ी, रूपक सिनेमा और उद्योग भवन होते हुए मोना सिनेमा तक पहुंचा। पूरे रास्ते में सड़क के दोनों ओर भाजपा के झंडों और होर्डिंग्स का सैलाब दिखाई दिया।

छतों से पुष्पवर्षा, मोबाइल में कैद हुए ऐतिहासिक पल

रोड शो के दौरान अद्भुत उत्साह देखने को मिला। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने रथ से जनता पर पुष्पवर्षा कर उनका आभार जताया। जवाब में सड़कों के किनारे, घरों की छतों, बालकोनियों और दुकानों पर खड़े लोगों ने भी नेताओं पर फूल बरसाए और अपने मोबाइल कैमरों में इस भव्य दृश्य को कैद करते नजर आए।

इस दौरान मंत्री रामकृपाल यादव, विधायक संजीव चौरसिया, संजय गुप्ता और एमएलसी संजय मयूख पैदल ही सड़क पर आम जनता के बीच जाकर नीरज कुमार के लिए समर्थन मांगते दिखे।

मोना सिनेमा पर जनसभा के साथ समापन

रोड शो का समापन मोना सिनेमा के पास एक विशाल जनसभा के साथ हुआ। जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन और सांसद रविशंकर प्रसाद ने बांकीपुर के विकास और राज्य की प्रगति के लिए जनता से एक बार फिर 'कमल' का बटन दबाकर नीरज कुमार को भारी मतों से विजयी बनाने की भावुक अपील की।

इस शक्ति प्रदर्शन के जरिए भाजपा ने उपचुनाव से ठीक पहले बांकीपुर में अपनी मजबूत पकड़ और संगठनात्मक ताकत का लोहा मनवाया है।