जांजगीर-चांपा (छत्तीसगढ़):

छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले के पामगढ़ थाना क्षेत्र से शिक्षा के मंदिर को कलंकित करने वाली एक अत्यंत शर्मनाक घटना सामने आई है। शासकीय प्राथमिक शाला डोंगाकोहरौद में पदस्थ हेडमास्टर भुवनेश्वर कौशिक पर स्कूल समय के दौरान मासूम छात्र-छात्राओं के सामने अर्धनग्न होकर अश्लील हरकतें करने और छात्राओं के साथ गलत नीयत से व्यवहार करने का गंभीर आरोप लगा है। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर आरोपी शिक्षक को हिरासत में ले लिया है।

क्या है पूरा मामला?

प्राप्त जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को जब चौथी और पांचवीं कक्षा के बच्चे पढ़ाई कर रहे थे, तभी बगल के कमरे में हेडमास्टर भुवनेश्वर कौशिक अपनी पैंट उतारकर बैठा हुआ था। बताया जा रहा है कि जब बच्चे किसी सवाल का जवाब पूछने हेडमास्टर के पास पहुंचे, तो उसने बच्चों के सामने ही पेशाब की और मासूम छात्राओं को अपने पास बुलाकर अश्लील हरकत करने का प्रयास किया। इस घिनौनी करतूत से डरी-सहमी छात्राएं स्कूल खत्म होते ही रोते-बिलखते अपने घर पहुंचीं और परिजनों को आपबीती बताई।

परिजनों का फूटा गुस्सा, बनाया वीडियो

घटना की भनक लगते ही उग्र परिजनों और ग्रामीणों की भीड़ स्कूल पहुंच गई। परिजनों ने देखा कि हेडमास्टर अपनी कुर्सी पर अर्धनग्न अवस्था में बैठा हुआ था। ग्रामीणों ने तुरंत अपने मोबाइल से उसका वीडियो बनाना शुरू कर दिया। खुद को घिरता और वीडियो बनता देख आरोपी हेडमास्टर हड़बड़ाहट में अपने कपड़े पहनने लगा।

पुलिस व प्रशासन की सख्त कार्रवाई

घटना की सूचना तुरंत डायल-112 को दी गई, जिसके बाद मौके पर पहुंची पामगढ़ पुलिस ने आरोपी हेडमास्टर को उग्र भीड़ के बीच से निकालकर थाने पहुंचाया। पीड़ित छात्राओं और उनके परिजनों के बयान के आधार पर पामगढ़ थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है।

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए जांजगीर-चांपा के कलेक्टर ने जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) को तुरंत विस्तृत जांच रिपोर्ट सौंपने और नियमानुसार आरोपी शिक्षक के खिलाफ सख्त निलंबन व विभागीय कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।