वायनाड, केरलम के वायनाड में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं राहुल गांधी और स्थानीय सांसद प्रियंका गांधी वाडरा को निशाना बनाते हुए कुछ विवादित पोस्टर सामने आए हैं। वायनाड स्थित पार्टी दफ्तर की दीवारों और आस-पास के इलाकों में लगाए गए इन पोस्टरों के बाद सियासी गलियारों में हलचल तेज हो गई है। कांग्रेस विधायक टी. सिद्दीकी की शिकायत के बाद स्थानीय पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

यह घटना 13 मई की बताई जा रही है। इन पोस्टरों में अंग्रेजी भाषा में सीधे तौर पर राहुल और प्रियंका गांधी को चेतावनी दी गई है, जिसके बाद से ही इलाके में सुरक्षा और सतर्कता बढ़ा दी गई है।

पोस्टर में लिखीं तीखी बातें: 'वायनाड बन जाएगा अगला अमेठी'

दीवारों पर चिपकाए गए पोस्टरों में उत्तर प्रदेश की अमेठी सीट का हवाला देते हुए गांधी परिवार पर तंज कसा गया है। गौर करने वाली बात यह है कि साल 2019 के लोकसभा चुनाव में राहुल गांधी को अमेठी से हार का सामना करना पड़ा था।

एक पोस्टर पर लिखा था: "मिस्टर राहुल, केसी भले ही आपके बैग उठाने वाले हों, लेकिन केरल के लोग आपको कभी माफ नहीं करेंगे।"

दूसरे पोस्टर में दावा किया गया: "अगर ऐसा कोई फैसला लिया जाता है तो वायनाड अगला अमेठी बन जाएगा।"

एक अन्य पोस्टर पर चेतावनी दी गई: "मिस्टर राहुल और प्रियंका, वायनाड को भूल जाइए। आप यहां से दोबारा नहीं जीतेंगे।"

सीसीटीवी में कैद हुआ आरोपी, पुलिस कर रही तलाश

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आस-पास के इलाकों के सीसीटीवी खंगालना शुरू कर दिया है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, एक सीसीटीवी फुटेज हाथ लगा है जिसमें एक संदिग्ध व्यक्ति रात के अंधेरे में दीवारों पर पोस्टर चिपकाता हुआ साफ दिखाई दे रहा है। फिलहाल पुलिस उस शख्स की पहचान करने और उसके पीछे की साजिश का पता लगाने में जुटी है।

राजनीतिक घटनाक्रम और सस्पेंस का अंत

यह पोस्टरबाजी ऐसे समय में सामने आई है जब केरलम में अगले मुख्यमंत्री को लेकर चल रहा सस्पेंस खत्म हो चुका है। बीते 14 मई को ही कांग्रेस ने पिछले पांच वर्षों से विपक्ष के नेता के तौर पर शानदार काम कर रहे वीडी सतीशन के नाम की घोषणा मुख्यमंत्री पद के लिए की है। इस बड़े राजनीतिक फैसले के तुरंत बाद आए इन विवादित पोस्टरों को लेकर राज्य की राजनीति में आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया है।