नई दिल्ली। दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के कालकाजी इलाके में डेटिंग ऐप के जरिए लोगों को जाल में फंसाकर लूटने वाले एक शातिर गिरोह का दिल्ली पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस के स्पेशल स्टाफ ने तत्परता दिखाते हुए घटना के कुछ ही घंटों के भीतर एक युवती समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरोह ने '3F' डेटिंग ऐप का इस्तेमाल कर एक शख्स को बंधक बनाया और उनसे 7 लाख रुपये की लूट की।

डेटिंग ऐप पर 'शेरी' बनी जाल, नेहरू प्लेस में बिछाया शिकार

घटना 25 मार्च की है, जब शिकायतकर्ता अनुरूप नरूला को '3F' ऐप पर 'शेरी' नाम की प्रोफाइल वाली एक लड़की ने नेहरू प्लेस मिलने बुलाया। जैसे ही पीड़ित वहां पहुंचे, युवती के तीन साथियों ने उन पर हमला कर दिया और जबरन एक सफेद हुंडई ऑरा कार में किडनैप कर लिया।

7 लाख की लूट और जानलेवा हमला

पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने कार के भीतर पीड़ित का गला घोंटकर उन्हें बेहोश करने की कोशिश की और जान से मारने की धमकी दी। डरा-धमकाकर आरोपियों ने UPI, ATM और क्रेडिट कार्ड के जरिए कुल 7 लाख रुपये अपने खातों में ट्रांसफर करवा लिए। वारदात के बाद पीड़ित को डराकर वापस नेहरू प्लेस के पास छोड़ दिया गया।

सीसीटीवी और डिजिटल ट्रेल से धरा गया गिरोह

पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं 309(4), 309(6), 140(3) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया। सीसीटीवी फुटेज और बैंक ट्रांजेक्शन की जांच के आधार पर पुलिस सबसे पहले ऋषभ राघव तक पहुँची, जिसकी निशानदेही पर मालवीय नगर से पूरे गिरोह को दबोच लिया गया।

गिरफ्तार आरोपियों का प्रोफाइल: कौन हैं ये लुटेरे?

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि गिरोह के सदस्य शिक्षित और पेशेवर पृष्ठभूमि से हैं, जो जल्द पैसा कमाने के लिए अपराध की राह पर चल पड़े:

हरलीन कौर उर्फ जेनी (20 वर्ष): यह डेटिंग ऐप पर 'शेरी' बनकर लड़कों को हनीट्रैप में फंसाती थी।

नवोजित: पंचशील विहार निवासी, जो पेशे से जिम ट्रेनर है और मालवीय नगर में जिम चलाता है।

संजय उर्फ जोई (28 वर्ष): यह एक वेटेरनरी डॉक्टर का सहायक है।

ऋषभ (25 वर्ष): पेशे से कैब ड्राइवर, जिसकी गाड़ी का इस्तेमाल अपहरण के लिए किया गया।

साहिल चौहान: पंचशील विहार निवासी, जो गिरोह का सक्रिय सदस्य था।

पुलिस की बरामदगी

दिल्ली पुलिस ने आरोपियों के पास से वारदात में इस्तेमाल की गई 2 कारें और 5 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। साथ ही लूटे गए पैसों के बैंक ट्रांजेक्शन का पूरा रिकॉर्ड भी पुलिस के हाथ लग चुका है।

सुरक्षा सलाह: ऑनलाइन डेटिंग में बरतें सावधानी

अपरिचितों से पहली मुलाकात हमेशा भीड़भाड़ वाली सार्वजनिक जगहों पर ही करें।

किसी के बुलाने पर सुनसान इलाके या निजी वाहनों में बैठने से बचें।

अपनी लोकेशन और मीटिंग की जानकारी हमेशा किसी विश्वसनीय मित्र या परिवार के सदस्य के साथ साझा करें।