कोलकाता: मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के नेतृत्व वाली पश्चिम बंगाल की पहली भाजपा सरकार का बहुप्रतीक्षित और ऐतिहासिक मंत्रिमंडल विस्तार सोमवार को राजभवन के 'लोकभवन' में बेहद भव्य एवं गरिमामय माहौल में संपन्न हुआ। 'वंदे मातरम' और राष्ट्रगान की गूंज के बीच, राज्यपाल आर.एन. रवि ने कुल 35 नए मंत्रियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस मेगा विस्तार के बाद सुवेंदु मंत्रिमंडल के सदस्यों की कुल संख्या अब 41 हो गई है।

इस मंत्रिमंडल में क्षेत्रीय संतुलन और सामाजिक समीकरणों को बेहद बारीकी से साधा गया है, जो बंगाल में भाजपा की दीर्घकालिक रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है।

दीर्घकालिक रणनीति और सामाजिक संतुलन

मंत्रिमंडल के इस बारीक विस्तार का विश्लेषण करें तो साफ पता चलता है कि भाजपा ने उन सभी वर्गों और क्षेत्रों को विशेष प्राथमिकता दी है, जिन्होंने ममता बनर्जी के अभेद्य माने जाने वाले राजनीतिक किले को ढहाने में अपनी पूरी ताकत झोंक दी थी। उत्तर बंगाल, जंगलमहल और दक्षिण बंगाल के समीकरणों को देखते हुए आदिवासी, राजबंशी, मतुआ और पिछड़े वर्गों के प्रतिनिधियों को कैबिनेट में उचित स्थान देकर पार्टी ने अपनी भावी रणनीति स्पष्ट कर दी है।

बंगाली संस्कृति और अस्मिता का अनूठा रंग

शपथ ग्रहण समारोह की सबसे खास और चर्चा में रहने वाली बात यह रही कि नए मंत्रियों में से अधिकांश पारंपरिक बंगाली परिधान 'धोती-पंजाबी' (कुर्ता) में नजर आए। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह वेशभूषा तृणमूल कांग्रेस के 'बाहरी बनाम बंगाली' के नैरेटिव को काटने की भाजपा की एक सोची-समझी सांस्कृतिक और राजनीतिक रणनीति है। इसके जरिए यह कड़ा संदेश देने का प्रयास किया गया है कि भाजपा बंगाल की संस्कृति, परंपरा और अस्मिता के साथ गहराई से जुड़ी हुई है।

नवान्न में आज ही विभागों का बंटवारा और पहली बैठक

उल्लेखनीय है कि गत 9 मई को ब्रिगेड परेड ग्राउंड में ऐतिहासिक जनसमूह के सामने मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने शपथ ली थी, जिनके साथ अग्निमित्रा पाल, दिलीप घोष, निशिथ प्रमाणिक, अशोक कीर्तनिया और खुदीराम टुडु ने जिम्मेदारी संभाली थी। आज शपथ लेने के तुरंत बाद सभी नए मंत्री सीधे राज्य सचिवालय 'नवान्न' के लिए रवाना हो गए। सचिवालय से आ रही खबरों के मुताबिक, मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी आज ही मंत्रियों की पहली कैबिनेट बैठक की अध्यक्षता करेंगे और विभागों का आधिकारिक बंटवारा कर देंगे।

इस ऐतिहासिक और गौरवशाली अवसर पर केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार, शांतनु ठाकुर, राज्य भाजपा अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य और कैबिनेट मंत्री अग्निमित्रा पाल सहित पार्टी के कई शीर्ष नेता उपस्थित रहे।

मंत्रिमंडल की पूरी सूची:

पूर्ण कैबिनेट मंत्री (13):

दीपक बर्मन

तापस राय

डॉ. शंकर घोष

मनोज कुमार उरांव

अर्जुन सिंह

गौरी शंकर घोष

स्वपन दासगुप्ता

जगन्नाथ चट्टोपाध्याय

कल्याण चक्रवर्ती

अजय पोद्दार

शारद्वत मुखर्जी

दूध कुमार मंडल

अनूप कुमार दास (अरूप कुमार)

राज्य मंत्री - स्वतंत्र प्रभार (3):

डॉ. इंद्रनील खां

मालती राभा राय

राजेश महतो

राज्य मंत्री (19):

जुएल मुर्मू

हरे कृष्ण बेरा

आनंदमय बर्मन

अशोक डिंडा

नादिया चंद बाउड़ी

विशाल लामा

शांतनु प्रमाणिक

मौमिता विश्वास मिश्रा

उमेश राय

पूर्णिमा चक्रवर्ती

कौशिक चौधरी

भास्कर भट्टाचार्य

दिवाकर घरामी

अमिय किस्कू

कलिता माजी

गार्गी दास घोष

बिराज विश्वास

दीपांकर जाना

सुमना सरकार