पटना/मुंबई। भोजपुरी सिनेमा जगत की सबसे सुपरहिट जोड़ियों में शुमार रहे सुपरस्टार खेसारी लाल यादव और एक्ट्रेस काजल राघवानी का रिश्ता और फिर उनका ब्रेकअप हमेशा सुर्खियों में रहा है। काजल राघवानी द्वारा खेसारी पर 'धोखा देने' के गंभीर आरोप लगाए जाने के बाद दोनों के बीच काफी कड़वाहट आ गई थी। अब लंबे समय बाद खेसारी लाल यादव ने एक इंटरव्यू में इस पूरे विवाद, अपने टूटे दिल और जिंदगी के सबसे मुश्किल दौर पर बेहद बेबाकी से दिल का गुबार निकाला है।
खेसारी ने स्वीकार किया कि इस अलगाव के बाद वह इतने टूट गए थे कि अकेले मंदिरों में बैठकर रोया करते थे। साथ ही उन्होंने प्यार को लेकर एक ऐसा बयान दिया है, जिसकी चर्चा अब हर तरफ हो रही है।
"मर्दों को प्यार नहीं होता, आदत लगती है"
इंटरव्यू के दौरान जब खेसारी से पूछा गया कि क्या उन्हें सच में प्यार हुआ था? तो उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा:
"क्यों नहीं होगा सर, इंसान हूं। मैं झूठ नहीं बोलता, प्यार हुआ था। एक लगाव और इमोशन होता है। लेकिन सच कहूं तो मर्दों को प्यार नहीं होता है, आदत लगती है। प्यार तो कहीं भी हो जाता है, पर आदत हर जगह नहीं लगती। एक आदत होती है वो... आदत आसानी से छूटती नहीं है, पर एक समय आने पर सारी चीज़ें छूट ही जाती हैं।"
जब अलग होते हैं, तो 'सोना-बेबी' से 'सबसे गंदे इंसान' बन जाते हैं
खेसारी लाल यादव ने नाम लिए बिना काजल राघवानी पर तीखा तंज कसा। उन्होंने कहा, "जब हम किसी से प्यार करते हैं, तब दुनिया को उस बारे में कुछ नहीं पता होता। तब हम एक-दूसरे के लिए 'सोना-बेबी' होते हैं। पर जैसे ही अलग होते हैं, तो हम दुनिया के सबसे गंदे इंसान बन जाते हैं— चाहे वो लड़के की तरफ से हो या लड़की की तरफ से। हर प्यार गलत नहीं होता, कुछ लोग प्यार में खुद को कुर्बान भी कर देते हैं।"
मुश्किलों ने बनाया मजबूत: "अब मंदिरों में नहीं रोता"
अपने पुराने दिनों को याद करते हुए खेसारी ने कहा कि दो साल पहले तक वह इस विवाद से बेहद परेशान थे। वह सोचते थे कि उन्होंने कुछ गलत नहीं किया, फिर उनके साथ ही ऐसा क्यों हो रहा है?
"मैं बैठकर मंदिरों में रोता था। लेकिन जब दुनिया में निकला तो पता चला कि हर आदमी को कोई न कोई समस्या है। मैंने ही अपनी प्रॉब्लम को सोच-सोचकर बड़ा बना दिया था। अब मैं भविष्य में नहीं, बल्कि आज में जीता हूं। जिंदगी में जब दिक्कतें आती हैं तो मैं खुश होता हूं, क्योंकि मुश्किलें मेरे किसी न किसी अंग को और मजबूत करने आती हैं।"
क्या दोबारा साथ काम करेगी यह जोड़ी?
ब्रेकअप के बाद कभी बातचीत हुई या भविष्य में साथ काम करने के सवाल पर खेसारी ने साफ इनकार कर दिया। उन्होंने कहा कि वह इतने सीधे या अच्छे भी नहीं हैं कि इतनी जल्दी सब कुछ भूल जाएं।
खेसारी लाल ने स्पष्ट किया: "वह कभी मेरी जरूरत नहीं रहीं कि मैं उनसे बात करूं। उन्होंने खुद (मीडिया में) इतना कुछ बोल दिया था कि अब कोई डायरेक्टर-प्रोड्यूसर भी मेरे पास उनके साथ काम करने का प्रस्ताव लेकर नहीं आता। और मैं भी खुद से अप्रोच नहीं करता। इतना कुछ सुनने के बाद अगर मैं अब दोबारा उनके साथ काम करूंगा, तो मैं गलत साबित हो जाऊंगा। और शायद मुझसे ज्यादा वो गलत हो जाएंगी कि अगर मैं इतना ही गलत इंसान था, तो आप मेरे साथ दोबारा काम करने क्यों आईं?"
खेसारी लाल यादव के इस बयान से साफ है कि भोजपुरी स्क्रीन की इस सबसे रोमांटिक जोड़ी के बीच पड़े मतभेद अब शायद ही कभी दूर हो पाएंगे। फिलहाल, खेसारी अपनी जिंदगी के इस कड़वे अनुभव को भुलाकर पूरी तरह अपने काम और 'आज' पर फोकस कर रहे हैं।





