फगवाड़ा (पंजाब): पंजाब के फगवाड़ा स्थित लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) में एक बाहरी व्यक्ति द्वारा छात्रा से कथित दुष्कर्म के दावे को लेकर छात्रों का भारी विरोध-प्रदर्शन देखने को मिला। इसके चलते राष्ट्रीय राजमार्ग-44 (NH-44) पर लगभग 15 घंटे तक यातायात पूरी तरह बाधित रहा। रविवार और सोमवार की मध्यरात्रि पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद NH-44 पर आवाजाही बहाल कराई। फिलहाल इलाके में स्थिति नियंत्रण में है और सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
CM भगवंत मान का सख्त रुख, DGP को मौके पर भेजा
मामले की गंभीरता को देखते हुए पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने सख्त निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का आश्वासन देते हुए राज्य के DGP गौरव यादव को खुद LPU पहुंचकर स्थिति का जायजा लेने और घटनाक्रम की व्यापक समीक्षा करने का आदेश दिया है। पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर एसआईटी (SIT) का गठन किया है, हालांकि विश्वविद्यालय प्रशासन ने इस घटना को अफवाह बताया है और पुलिस जांच जारी है।
इसे भी पढ़ेंः दिल्ली में सर्दियों के प्रदूषण पर सरकार का बड़ा एक्शन प्लान:1 नवंबर से वर्क फ्रॉम होम और दोगुनी पार्किंग फीस लागू
पुलिस और छात्रों में झड़प, लाठीचार्ज व पथराव
रविवार सुबह 8 बजे से ही छात्र NH-44 पर धरने पर बैठ गए थे। शाम को जब पुलिस ने सड़क खाली कराने का प्रयास किया, तो झड़प शुरू हो गई। छात्रों द्वारा पानी की बोतलें फेंकने पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया। इसके जवाब में परिसर के अंदर से छात्रों ने पथराव किया, जिससे कई पुलिसकर्मी घायल हुए और वाहनों को नुकसान पहुंचा। हालात पर काबू पाने के लिए ADGP एम. एफ. फारूकी के नेतृत्व में 2,000 से अधिक पुलिस बल की तैनाती कर फ्लैग मार्च निकाला गया।
इसे भी पढ़ेंः ₹2,000 से अधिक UPI लेन-देन पर शुल्क का मामला: सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र, RBI और NPCI को जारी किया नोटिस
10 दिन के लिए यूनिवर्सिटी बंद, इंटरनेट सेवाएं निलंबित
अपुष्ट सूचनाओं और अफवाहों के फैलाव को रोकने के लिए क्षेत्र में इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी गई हैं। यूनिवर्सिटी प्रशासन ने स्थिति को देखते हुए 10 दिनों के लिए कक्षाएं निलंबित कर दी हैं और मिड-टर्म परीक्षाओं को टाल दिया है। छात्रों को परिजनों की सलाह पर घर जाने या हॉस्टल में ही रहने के निर्देश दिए गए हैं।
गौरतलब है कि LPU से ठीक एक दिन पहले पटियाला स्थित चितकारा यूनिवर्सिटी में भी इसी तरह की अपुष्ट खबरों के बाद छात्रों ने उग्र प्रदर्शन किया था। पुलिस का कहना है कि SIT की जांच पूरी होने के बाद ही घटना की सत्यता सामने आ पाएगी।





