पटना:

NEET पेपर लीक मामले को लेकर बिहार की राजधानी पटना की सड़कें बुधवार को रणक्षेत्र में तब्दील हो गईं। ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AISA) के बैनर तले कार्यकर्ताओं ने विरोध जताते हुए लोकभवन की ओर मार्च निकाला। इस दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच जबरदस्त झड़प हो गई, जिसमें स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को बल प्रयोग करना पड़ा।

सड़कों पर उतरा छात्रों का गुस्सा, पुलिस से तीखी नोकझोंक

AISA कार्यकर्ता NEET परीक्षा में हुई कथित धांधली की निष्पक्ष जांच, दोषियों पर सख्त कार्रवाई और भविष्य में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे। छात्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आगे बढ़ रहे थे, तभी सुरक्षा बलों ने उन्हें रोकने के लिए बैरिकेडिंग कर दी।

देखते ही देखते माहौल तनावपूर्ण हो गया। बैरिकेडिंग तोड़ने की कोशिश और धक्का-मुक्की के बाद पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को खदेड़ने के लिए लाठीचार्ज किया, वाटर कैनन का प्रयोग किया तथा आंसू गैस के गोले छोड़े।

प्रदर्शनकारियों का पक्ष: छात्रों का आरोप है कि पुलिस ने शांतिपूर्ण मार्च पर बर्बरता से लाठीचार्ज किया और पानी की बौछारें छोड़ीं। इसमें कई कार्यकर्ताओं को चोटें आई हैं। साथ ही, उन्होंने दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों के साथ हुए लाठीचार्ज की भी कड़े शब्दों में निंदा की।

पुलिस का पक्ष: पुलिस का कहना है कि प्रदर्शनकारी सुरक्षा व्यवस्था को तोड़कर प्रतिबंधित क्षेत्र में घुसने का प्रयास कर रहे थे। शांति बनाए रखने और भीड़ को तितर-बितर करने के लिए नियमानुसार आवश्यक कदम उठाए गए।

कवरेज करने पहुंचे पत्रकारों पर हमला, तोड़फोड़ और मारपीट

घटनास्थल पर कवरेज के लिए पहुंचे मीडियाकर्मियों को भी उपद्रवियों के आक्रोश का सामना करना पड़ा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, भीड़ में शामिल कुछ असमाजिक तत्वों ने पत्रकारों के साथ अभद्रता की और उन पर जानलेवा हमला कर दिया।

मीडिया पर हमले की मुख्य बिंदु:

उपद्रवियों ने कई मीडिया हाउस के कैमरे तोड़ दिए और उनकी गाड़ियों के शीशे चकनाचूर कर दिए।

जी मीडिया के वरिष्ठ पत्रकार प्रशांत झा पर हमला किया गया, जिसमें उन्हें गंभीर चोटें आईं। उनके कैमरामैन के साथ भी लात-घूंसों से मारपीट की गई।

कई पत्रकारों के कपड़े फाड़े गए और कैमरों के सामने बदसलूकी की गई।

तनाव बरकरार, AISA ने दी आंदोलन तेज करने की चेतावनी

झड़प और मीडिया पर हमले के बाद इलाके में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। मौके पर भारी संख्या में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है।

पुलिस मामले की जांच कर रही है और आधिकारिक बयान जारी करने की तैयारी में है। दूसरी ओर, AISA ने दो टूक शब्दों में चेतावनी दी है कि यदि NEET पेपर लीक मामले में जल्द सख्त कदम नहीं उठाए गए, तो यह आंदोलन राज्यव्यापी और अधिक उग्र रूप ले लेगा।