रायपुर। कांग्रेस के राष्ट्रीय मीडिया अध्यक्ष पवन खेड़ा ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) पर अब तक का सबसे तीखा हमला बोला है। छत्तीसगढ़ के अभनपुर में आयोजित कांग्रेस शहर व जिला अध्यक्षों के प्रशिक्षण शिविर में शामिल होने पहुंचे खेड़ा ने राजधानी रायपुर के स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पर मीडिया से खुलकर बात की। उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि भगवान राम के नाम पर किसी भी तरह का भ्रष्टाचार देश और समाज स्वीकार नहीं कर सकता।

राम मंदिर ट्रस्ट पर उठाए गंभीर सवाल

अयोध्या में राम मंदिर निर्माण से जुड़े कथित भ्रष्टाचार और चोरी के मामलों पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए पवन खेड़ा ने सीधे संघ और प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) को घेरे में लिया। उन्होंने आरोप लगाया:

"पूरा राम मंदिर ट्रस्ट एक ऐसा प्रयोग था, जो पूरी तरह राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) का था और उन्हीं की निगरानी में था। इतना ही नहीं, इसकी हर एक गतिविधि पर प्रधानमंत्री कार्यालय की भी सीधी नजर रही है।"

खेड़ा ने आगे कहा कि भगवान राम ने अपने सिद्धांतों की खातिर पल भर में राजपाठ का त्याग कर दिया था। लेकिन आज कुछ लोग उसी मर्यादा पुरुषोत्तम के नाम पर पहले सत्ता हासिल करते हैं और फिर चोरी करते हैं— यह दोहरा मापदंड कतई संभव और स्वीकार्य नहीं है।

स्वतंत्रता आंदोलन में RSS का शून्य योगदान

आरएसएस के वरिष्ठ प्रचारक इंद्रेश कुमार द्वारा महात्मा गांधी को लेकर दिए गए हालिया बयान पर पलटवार करते हुए कांग्रेस नेता ने संघ के इतिहास पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि देश के स्वतंत्रता आंदोलन और इसके गौरवशाली इतिहास में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का कोई योगदान नहीं रहा है।

'अयोध्या से उज्जैन तक खड़े हो रहे सवाल'

पवन खेड़ा ने धार्मिक स्थलों के प्रबंधन में आ रही विसंगतियों को रेखांकित करते हुए कहा कि अयोध्या से लेकर उज्जैन तक हाल के दिनों में जो भी घटनाएं सामने आई हैं, वे संघ की कार्यप्रणाली पर बड़े सवालिया निशान खड़ा करती हैं। उन्होंने कड़े शब्दों में निष्कर्ष दिया कि ऐसे संगठनों ने केवल अपनी राजनीतिक रोटियां सेंकने के लिए देश और पूरे हिंदू समाज को भारी नुकसान पहुँचाने का काम किया है।