पटना | बिहार की राजधानी पटना में उस वक्त हड़कंप मच गया जब बिहार विधानसभा और पटना सिविल कोर्ट को ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिली। इस धमकी भरे मेल में दावा किया गया कि विधानसभा परिसर में 13 आरडीएक्स (RDX) बम लगाए गए हैं, जिनमें दोपहर 2:15 बजे विस्फोट होगा।

दोपहर 2:15 बजे धमाके की चेतावनी

धमकी भरे ईमेल में बेहद गंभीर भाषा का इस्तेमाल किया गया है। मेल में लिखा गया, "बिहार विधानसभा भवन में ठीक 2:15 बजे साइनाइड गैस के साथ मिलाए गए 13 RDX IED धमाके के लिए तैयार हैं। धमाके से पहले सभी विधायकों और आम जनता को तुरंत बाहर निकाल लें।" इस सूचना के बाद विधानसभा और कोर्ट परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

सर्च ऑपरेशन जारी, कामकाज सामान्य

धमकी मिलते ही पटना पुलिस, श्वान दस्ता (Dog Squad) और बम निरोधक दस्ता (Bomb Disposal Squad) तुरंत हरकत में आ गया। पूरे परिसर की गहन छानबीन की जा रही है। पीरबहोर थाना पुलिस के अनुसार, सिविल कोर्ट को भी इसी तरह मेल के जरिए धमकी दी गई है। हालांकि, एहतियात बरतते हुए जांच जारी है, लेकिन कोर्ट की कार्यवाही को रोका नहीं गया है और कामकाज सामान्य रूप से चल रहा है।

बांग्लादेश और तमिलनाडु से जोड़ा कनेक्शन

धमकी देने वाले ने इस कृत्य के पीछे राजनीतिक और पुलिसिया व्यवस्था के प्रति आक्रोश जताया है। मेल में तमिलनाडु के साथनकुलम में बेनिक्स मामले और हालिया अजीत कुमार कस्टोडियल मामले का जिक्र करते हुए कहा गया है कि जिन पुलिसकर्मियों को सजा दी गई, वे बेकसूर थे। मेल में लिखा गया, "असली दोषी राजनीतिक आका और पुलिस प्रमुख हैं। विधानसभा में धमाका चेन्नई पुलिस में सुधार के लिए एक सबक बनेगा।" इसके अलावा बांग्लादेश के अबू सईद मामले का भी संदर्भ दिया गया है।

पहले भी मिल चुकी हैं धमकियां

गौरतलब है कि यह पहली बार नहीं है जब बिहार विधानसभा या पटना सिविल कोर्ट को निशाना बनाने की धमकी दी गई हो। इससे पहले भी कई बार फर्जी ईमेल और कॉल के जरिए सुरक्षा एजेंसियों को छकाया जा चुका है। फिलहाल पुलिस साइबर सेल की मदद से ईमेल भेजने वाले के आईपी एड्रेस (IP Address) और उसकी लोकेशन को ट्रैक करने में जुटी है।

सुरक्षा के लिहाज से दोनों महत्वपूर्ण संस्थानों के बाहर पुलिस बल की तैनाती बढ़ा दी गई है और हर आने-जाने वाले पर कड़ी नजर रखी जा रही है।