नई दिल्ली। देश भर के बैंक ग्राहकों के लिए बड़ी राहत की खबर सामने आई है। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) ने 28 से 30 सितंबर तक प्रस्तावित अपनी तीन दिवसीय देशव्यापी हड़ताल को टालने का फैसला किया है। इंडियन बैंक्स एसोसिएशन (IBA) के साथ हुई वार्ता में प्रमुख मांगों पर ठोस भरोसा मिलने के बाद यूनियनों ने अपना विरोध प्रदर्शन वापस लिया। इस फैसले से छमाही क्लोजिंग (Half-Yearly Closing) के महत्वपूर्ण समय में बैंकिंग सेवाएं पूरी तरह सामान्य बनी रहेंगी।

इसे भी पढ़ेंः मौसम: डिप्रेशन के असर से कई राज्यों में मूसलाधार बारिश; बिहार-ओडिशा समेत पूर्वोत्तर में अलर्ट

5-डे वर्किंग वीक के लिए हाई-लेवल कमेटी का गठन

यूनियन और IBA के बीच बनी सहमति के अनुसार, सभी शनिवारों को छुट्टी घोषित करने (5-डे वर्किंग वीक) की मांग पर विचार-विमर्श के लिए IBA और UFBU प्रतिनिधियों की एक 'हाई-लेवल कमेटी' तुरंत गठित की जाएगी। यह कमेटी सभी हितधारकों (Stakeholders) से चर्चा कर ऐसा समाधान निकालेगी जो बैंक कर्मचारियों और ग्राहकों दोनों के लिए स्वीकार्य हो।

इन प्रमुख मुद्दों पर भी बातचीत को तैयार हुआ IBA

  • परफॉर्मेंस लिंक्ड इंसेंटिव (PLI): स्केल IV और उससे ऊपर के अधिकारियों के लिए लागू PLI स्कीम में आवश्यक बदलावों पर चर्चा की जाएगी। यूनियनों की चिंताओं को शामिल करते हुए संशोधित प्रस्ताव सरकार के समक्ष रखा जाएगा।
  • लंबित समझौते: 8 मार्च 2024 के मिनट्स में दर्ज शेष सभी अनसुझले मुद्दों को जल्द से जल्द हल करने पर सहमति बनी है।

इसे भी पढ़ेंः LPU में भारी बवाल: दुष्कर्म की अफवाह के बाद भड़के छात्र, कैंपस में तोड़फोड़ व हाईवे किया जाम

इस सप्ताह बैंकिंग कामकाज का गणित

हड़ताल वापस होने के बाद सोमवार से बुधवार (28-30 सितंबर) तक सभी बैंक शाखाएं नियमित रूप से खुलेंगी। हालांकि, इस हफ्ते शुक्रवार (2 अक्टूबर) को गांधी जयंती के उपलक्ष्य में राष्ट्रीय अवकाश रहेगा। इसके बाद 3 अक्टूबर (महीने का पहला शनिवार) होने के कारण बैंक खुले रहेंगे। त्यौहारों का मौसम शुरू होने के कारण ग्राहकों को सलाह दी गई है कि वे अपने-अपने राज्यों की स्थानीय छुट्टियों की सूची देखकर ही शाखाओं का रुख करें।