रांची। झारखंड के रांची जिले में डोरंडा के व्यवसायी अंकित सर्राफ हत्याकांड मामले की गुत्थी सुलझाने के लिए पुलिस की दो टीमें लगी हैं।एक टीम रांची के डोरंडा में जांच पड़ताल कर रही है और मृतक अंकित के परिजन, दोस्त और अन्य लोगों से पूछताछ कर रही है तो वहीं दूसरी टीम जरियागढ़ थाना क्षेत्र में जांच पड़ताल कर रही है।हत्याकांड के रहस्य को सुलझाने के लिए पुलिस तकनीकी पहलुओं की भी जांच कर रही है। पुलिस अंकित के फोन को भी खंगाल रही है।शुक्रवार को अंकित के शव का पोस्टमार्टम किया गया और इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।





घटना के 24 घंटे बीत जाने के बाद भी हत्या के कारणों और अपराधियों के बारे में कुछ भी‌ पता नहीं चल सका है।खूंटी एसपी अमन कुमार ने बताया कि शुरूआती जांच में पैसे के लेनदेन की बात सामने आ रही है।कई जगह बकाया था। तोरपा एसडीपीओ ओम प्रकाश तिवारी और इंस्पेक्टर दिग्विजय सिंह के नेतृत्व में जांच की जा रही है।जांच में रांची पुलिस से भी सहयोग लिया जा रहा है।





परिजनों ने बताया कि कुछ देर में आने की बात कहकर अंकित बाहर निकला था। एक घंटे के बाद उनकी पत्नी फोन कर रही थी,लेकिन बात नहीं हो पा रही थी।अपने स्तर पर काफी खोजबीन करने पर कहीं कुछ पता नहीं चला।शाम में चचेरी बहन ने अंकित के मोबाइल पर कॉल की तो किसी पुलिस वाले ने उठाया।इसके बाद सभी थाने पहुंचे और शव की शिनाख्त की। परिजनों ने बताया कि शरीर पर कपड़े नहीं थे, सिर्फ अंडरगारमेंट था। शव को जलाने का भी प्रयास किया गया है।