अंतर्राज्यीय झपट्टा गिरोह का खुलासा, छह लुटेरे गिरफ्तार
लूट का करीब चार किलो सोना-चांदी का आभूषण बरामद, ज्वेलर्स संचालक से की गई थी लूट
प्रतिनिधि,चतरा। जिले के वशिष्ठनगर जोरी थाना क्षेत्र के अंतर्गत संघरी बाजार से विगत चार सितंबर को हुए ज्वेलरी लूटकांड का चतरा पुलिस ने उद्भेदन कर दिया है। इस लूटकांड में शामिल अंतरराज्यीय स्तर के छः अपराधियों को लूट के चार किलोग्राम सोना चांदी के आभूषण के साथ गिरफ्तार किया गया है। सभी लुटेरे झपट्टा गिरोह के सदस्य थे,जो आभूषण व्यापारियों से झपट्टा मारकर लूट की घटना को अंजाम देते थे और फिर चलते बनते थे।
एसपी राकेश रंजन के निर्देश पर चतरा एसडीपीओ अविनाश कुमार व डीएसपी(मु) केदार नाथ राम के नेतृत्व में गठित एसआईटी की टीम को उक्त सफलता मिली है। टीम में वशिष्ठनगर जोरी और हंटरगंज थाना पुलिस के पदाधिकारी भी शामिल थे। लुटेरा गिरोह के सदस्यों की गिरफ्तारी बिहार के गया रेलवे स्टेशन के समीप से हुई है। अभियान में हंटरगंज पुलिस निरीक्षक प्रमोद पांडेय के अलावा थाना प्रभारी सनोज चौधरी व वशिष्ठनगर थाना प्रभारी गुलाम सरवर समेत अधिकारी व सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। गिरफ्तार सभी लुटेरे उड़ीसा व बंगाल के अलग-अलग जिलों के रहने वाले हैं।
वशिष्ठनगर थाना में शुक्रवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में एसडीपीओ अविनाश कुमार ने बताया कि विगत चार सितंबर को घंघरी चौक के समीप संचालित भद्रकाली ज्वेलर्स के मालिक संदीप कुमार से झपट्टा मारकर लुटेरों ने ज्वेलरी से भरा बैग लूट लिया था। बैग लूटने के बाद बाइक सवार लुटेरे बिहार की ओर भाग गए थे। इसके बाद भुक्तभोगी ने स्थानीय थाना को घटना की सूचना दी थी। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक के द्वारा एसडीपीओ व डीएसपी मुख्यालय के संयुक्त नेतृत्व में हंटरगंज और जोरी थाना पुलिस की एसआईटी बनाकर लूट में शामिल लुटेरों की गिरफ्तारी और लूट का सामान बरामद करने का निर्देश मिला था। इसके बाद लुटेरे की गिरफ्तारी को लेकर टेक्निकल टीम को मिले इनपुट के आधार पर घटना में शामिल 3 लुटेरों को उड़ीसा से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ के आधार पर गिरोह में शामिल अन्य तीन लुटेरो को बिहार के गया स्टेशन के समीप स्थित किराए के मकान से गिरफ्तार किया गया। साथ ही उनके द्वारा आभूषण व्यापारी से लूटे गए चांदी का 3 किलो 800 ग्राम आभूषण, सोने का 57 ग्राम आभूषण और रंगा करीब 350 ग्राम बरामद किया है। साथ ही घटना में प्रयुक्त दो पल्सर बाइक और लुटेरों का एक मोबाइल फोन भी पुलिस ने बरामद किया है। बरामद फोन को एसआईटी खंगाल रही है ताकि गिरोह में शामिल अन्य लुटेरों के विरुद्ध भी कार्रवाई सुनिश्चित हो।
एसडीपीओ श्री कुमार ने बताया कि अंतर्राज्यीय झपट्टा मार गिरोह के द्वारा चतरा में पहली बार इतनी बड़ी लूट की घटना को अंजाम दिया गया था। उन्होंने बताया कि झपट्टा मार लूट की घटना को अंजाम देने से पूर्व गिरोह में शामिल लुटेरे पहले कई दिनों तक इलाके की रेकी करते थे। उसके बाद घटना को अंजाम देकर पहले रह रहे घर को भी बदल देते थे। इनके द्वारा बार-बार जगह बदलकर घटना को अंजाम दिया जा रहा था। एसडीपीओ ने बताया कि गिरफ्तार आवला नागराज व सूरज राव जाजपुर (उड़ीसा), सिद्धांत कुमार व कैलाश राव हुगली (पश्चिम बंगाल),सुब्बा राव प्रधान जखापुरा (उड़ीसा) व टी मारकोंडा दास सोरडा का रहने वाला है। वर्तमान में यह सभी बिहार के गया रेलवे स्टेशन के समीप भाड़े के मकान में रह रहे थे।





