रांची। राजधानी रांची में शनिवार की रात 10:50 पर भीड़ उस समय उग्र हो गई जब हरमू रोड ईदगाह और उसके आसपास अमीर-ए-तबलीगी जमात हाजी गुलाम के जनाजे के नमाज में शामिल भीड़ पर जब आसपास से पथराव हुआ।पुलिस जब तक तत्परता दिखाती तब तक नुकसान हो चुका था।उग्र भीड़ ने वहां खड़ी पीसीआर वैन और कई वाहनों में तोड़-फोड़ कर दी।इस दौरान हरमू रोड मुख्य मार्ग पर वाहनों की लंबी लाइन लग गई। हंगामे के बीच दोनों तरफ से नारेबाजी शुरू हो गई।गाड़ीखाना चौक के पास अफरा-तफरी मच गई। कुछ ही देर में तरह-तरह की अफवाहे हवा में उड़ने लगी।
घटना की जानकारी मिलने के बाद सिटी एसपी अंशुमन, सिटी डीएसपी दीपक के अलावा हिंदपीढ़ी, जगन्नाथपुर, डेली मार्केट थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। सिटी कंट्रोल रूम से भी अतिरिक्त पुलिस बल मंगवाया गया।पुलिस अधिकारियों ने गुस्सायी भीड़ को समझा-बुझाकर शांत कराया। गाड़ीखाना और उसके आसपास इलाके में पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है।
आधे घंटे तक होता रहा हंगामा
झारखंड-बिहार के अमीर-ए- तबलीगी जमात हाजी गुलाम सरवार का जनाजा शनिवार रात 10.50 में हरमू रोड ईदगाह पहुंचा।जनाजे में भीड़ अधिक होने से ईदगाह मैदान के बाहर भी हरमू रोड मुख्य मार्ग पर लोग नमाज पढ़ने लगे। इसी दौरान गाड़ीखाना चौक पर स्थित प्रदूषण जांच केंद्र के भवन के ऊपर से किसी ने पत्थर और बोतल फेंके और ये कुछ नमाजियों के ऊपर गिरी। इसके बाद जनाजे में शामिल भीड़ उग्र हो गई।उग्र भीड़ ने वहां खड़े पीसीआर वैन समेत कई वाहनों में तोड़-फोड़ कर दी। आसपास की कई दुकानों में भी तोड़-फोड़ की गई। करीब आधे घंटे तक भीड़ ने जमकर हंगामा हुआ।
पुलिस रही लापरवाह
अमीर-ए-तबलीगी जमात के जनाजे में लगभग हजारों की संख्या में भीड़ शामिल हुई थी। इसका आंदाजा राजधानी रांची पुलिस को नहीं था।हरमू रोड और ईदगाह के आसपास में पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती नहीं की गई थी।पुलिस के स्तर एहतियाती तौर पर कई अन्य वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की गई थी। जनाजा लेकर लोग जब वहां पहुंचे, तो उस समय हिंदपीढ़ी थानेदार विनय कुमार, कोतवाली थानेदार शैलेश कुमार और सुखदेवनगर थानेदार ममता कुमारी ही मौजूद थे। उनके साथ गिनती भर के पुलिसकर्मी मौजूद थे। जो किसी भी तरह की अप्रिय घटना होने पर भीड़ को काबू में करने में सक्षम नहीं थे।





