उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले में बीती रात बड़ा सड़क हादसा सामने आया है।बारात में शामिल होने जा रही बोलेरो को देर रात गौरीगंज थाना क्षेत्र के बाबूगंज सगरा आश्रम के पास तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में बोलेरो सवार पिता-पुत्र समेत छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया जहां से उन्हें ट्रामा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया। मौके मौके पर पहुंची पुलिस दुर्घटना की जांच में जुटी हुई है।





मिली जानकारी के अनुसार अमेठी थाना क्षेत्र के पूरे गनेशलाल मजरे भरेथा निवासी अनिल की ससुराल मुंशीगंज थाना क्षेत्र के भुसियावा गांव में है।रविवार को अनिल के ससुराल से बारात जायस जानी थी। अनिल अपनी ससुराल से नौ अन्य लोगों को बोलेरो से लेकर जायस जा रहा था। रात लगभग साढ़े ग्यारह बजे बोलेरो गौरीगंज थाना क्षेत्र के बाबूगंज सगरा स्थित श्रीमत परमहंस आश्रम के पास पहुंची ही थी कि सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने उसे भीषण टक्कर मार दी।बोलेरो और ट्रक के बीच टक्कर काफी तेज थी। टक्कर का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि हादसे के बाद बोलेरो के परखच्चे उड़ गए,टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, और बोलेरो में फंसे लोगों को बाहर निकालने लगे।हादसे की जानकारी पुलिस को दी गई।सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां से गंभीर रूप से घायल चार लोगों को इलाज के लिए ट्रामा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया है।माना जा रहा है कि यह हादसा तेज रफ्तार की वजह से हुआ है।





दुर्घटना में अनिल के अलावा बोलेरो में सवार कल्लू उम्र 56 साल और उनका बेटा कृष्ण कुमार उम्र 32 साल निवासी गुडूर थाना मुंशीगंज के अलावा गौरीगंज थाना क्षेत्र के पचेहरी निवासी मुकेश उम्र 13 साल और अनुज उम्र 8 साल व नेवरिया थाना क्षेत्र मुंशीगंज के लवकुश उम्र 22 साल की मौके पर ही मौत हो गई जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।एसपी दिनेश सिंह ने बताया दुर्घटना की जांच की जा रही है। जांच के बाद ही सही तथ्य सामने आ सकेंगे