अयोध्या।उत्तर प्रदेश के रामनगरी अयोध्या में मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम इंटरनेशनल एयरपोर्ट की जमीन भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण को सौंप दी गई।हिंदुत्व के फायर ब्रांड मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में एयरपोर्ट की जमीन का हस्तांतरण किया गया। श्रीराम एयरपोर्ट अयोध्या के लिए राज्य सरकार ने 317.855 एकड़ भूमि खरीदी है।इसके लिए प्रदेश सरकार के नागरिक उड्डयन विभाग और भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण के बीच लीज एग्रीमेंट किया गया। भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण को ये भूमि लीज पर दे दी गई है।

एयरपोर्ट को फिलहाल अंतरराष्ट्रीय स्तर का दर्जा नहीं मिला है, लेकिन राज्य सरकार अंतरराष्ट्रीय मानकों के तहत तैयारी करवा रही है,ताकि उड़ानें शुरू होने से पहले ही एयरपोर्ट को अंतराष्ट्रीय स्तर का दर्जा मिल सके।इसी कारण भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण को जमीन सौंपी जा रही है।

सीएम योगी ने कहा कि अयोध्या में मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम जी की पावन स्मृतियों को समर्पित होने वाले अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के निर्माण प्रक्रिया की यह शुरुआत है। इस अवसर पर प्रदेश सरकार और एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया के मध्य भूमि लीज एग्रीमेंट संपन्न होना अभिनंदनीय पहल है। मैं इसके लिए भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण को यूपी गवर्नमेंट के साथ समयबद्ध ढंग से इस प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के लिए धन्यवाद देता हूं।

सीएम योगी ने कहा कि वर्ष 2017 तक उत्तर प्रदेश में मात्र 2 एयरपोर्ट क्रियाशील थे, जिसमें प्रदेश की राजधानी लखनऊ और प्राचीनतम नगरी वाराणसी, गोरखपुर व आगरा में एक-एक वायु सेवा थी।अब मुझे बताते हुए प्रसन्नता है कि वर्तमान में प्रदेश में 9 एयरपोर्ट पूरी तरह क्रियाशील हैं।उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का कहना है कि वायु सेवा केवल एक बड़े तबके तक ही सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि एक कॉमनमैन जो हवाई चप्पल पहनता है वह भी हवाई जहाज की यात्रा कर सके हमें ऐसी सेवा उपलब्ध करानी होगी।