दुमका।झारखंड के दुमका में आदिवासी लड़की के साथ दुष्कर्म और उसकी हत्या की घटना से हड़कंप मचा है।लड़की बहुत गरीब थी और मजदूरी करके पेट पालती थी।लड़की के मजबूरी का फायदा उठाकर आरोपी राजमिस्त्री अरमान अंसारी ने कई महीनों तक उसका यौन शोषण किया और जब वो गर्भवती हो गई तो उसे मौत के घाट उतार दिया। लड़की राजमिस्त्री के साथ ही निर्माण कार्यों में मजदूरी करती थी।
राजमिस्त्री अरमान अंसारी पर आरोप है कि काम करने के दौरान ही दोनों के बीच संबंध बने और जब वह गर्भवती हो गई तो उसे रास्ते से हटाने के लिए उसकी हत्या कर दी। हत्या की यह घटना गुरुवार रात की बताई जा रही है। हत्या के बाद शव को रस्सी के सहारे पेड़ से लटका दिया ताकि यह भ्रम हो कि लड़की ने आत्महत्या की है।शुक्रवार को स्थानीय लोग जब मॉर्निंग वाक पर निकले तो देखा कि किशोरी का शव पेड़ पर लटका हुआ है।लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी।
दिग्घी (एसकेएमयू) ओपी थाना प्रभारी सुजीत उरांव मौके पर पहुंच कर छानबीन शुरू कर दी थी। शुक्रवार को शव की शिनाख्त नहीं हो पाने के कारण मामले का खुलासा नहीं हो सका। शनिवार को शव की पहचान के साथ ही परिजनों के बयान और पुलिस की छानबीन से पुलिस के आला अधिकारियों ने लड़की के साथ दुष्कर्म और उसकी हत्या की पुष्टि की। आशंका जताई जा रही है कि लड़की के गर्भवती होने पर दोनों के बीच विवाद हुआ होगा और युवक ने उसकी हत्या कर आत्महत्या का रूप देने के लिए उसके शव को एक पेड़ से लटका दिया।
काम के दौरान अरमान के संपर्क में आयी थी किशोरी
दुमका में 14 साल की नाबालिग किशोरी की दुष्कर्म और हत्या कर शव को पेड़ से लटकाने का आरोपी अरमान अंसारी पाकुड़ के अमड़ापाड़ा का रहने वाला है।अरमान राजमिस्त्री का काम करता है और श्रीअमड़ा में किराए का घर लेकर रहता था।युवती मूलत: दुमका जिले के रानेश्वर इलाके की रहने वाली थी। परिवार वालों ने पुलिस को बताया कि वह दुमका से करीब 15 किमी दूर जामा में अपने एक रिश्तेदार के यहां रहती थी। वह रोज मजदूरी करने दुमका आती थी। इसी दौरान उसका परिचय राजमिस्त्री अरमान अंसारी से हुआ था।
संताल परगना के डीआईजी सुदर्शन प्रसाद मंडल ने कहा कि श्रीअमड़ा में लड़की से दुष्कर्म और उसकी हत्या का मामला सामने आया है। पेड़ से लटका उसका शव बरामद किया गया था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। इस कांड की त्वरित जांच कर एक सप्ताह में चार्जशीट का आदेश दिया गया है।
एसडीपीओ नूर मुस्तफा करेंगे केस का अनुसंधान
आदिवासी लड़की के साथ दुष्कर्म और हत्या के मामले में आरोपी अरमान अंसारी के विरुद्ध भारतीय दंड विधान की धारा 302, 376, पॉक्सो एक्ट की धाराओं के साथ ही अनुसूचित जाति-जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज की गई है। अनुसूचित जाति-जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत दर्ज केस का अनुसंधान एसडीपीओ नूर मुस्तफा अंसारी द्वारा किया जाता है।





