जामताड़ा।झारखंड के जामताड़ा जिले के मिहिजाम थाना क्षेत्र के शहरडाल में काफी समय से मकान के तहखाने में आर्म्स फैक्ट्री का संचालन हो रहा था।कोलकाता एसटीएफ और मिहिजाम पुलिस की संयुक्त छापेमारी में बड़े पैमाने पर आर्म्स कारोबार का खुलासा हुआ है।आर्म्स के कारोबारी लंबे समय से इसे अंजाम दे रहे थे और स्थानीय पुलिस को इसकी भनक तक नही थी।मौके से 10 अर्धनिर्मित पिस्टल बरामद की गई है।पुलिस ने नौ लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है, जबकि मौके से दो महिला सबीना खातून और हसीना खातून को गिरफ्तार किया गया है।गिरफ्तार महिलाएं मुख्य आरोपियों की पत्नी हैं।मिहिजाम थाने में शनिवार को पुलिस निरीक्षक सुनील चौधरी ने प्रेस कांफ्रेंस कर जानकारी दी।





अवैध आर्म्स कारोबार का मुख्य आरोपी रियाज अंसारी उर्फ राजू तथा सरफराज उर्फ लालटू अभी पुलिस की पकड़ से दूर हैं।कोलकाता एसटीएफ के हत्थे चढ़े हथियार तस्कर इम्तियाज अंसारी की निशानदेही पर पुलिस ने मिहिजाम में शाहजहां खान के दो मंजिला आवास पर छापेमारी की थी। शुक्रवार देर रात तक चले इस अभियान में पुलिस को पिस्टल बनाने के लिए मशीन सहित भारी संख्या में औजार और उपकरण हाथ लगे।





मिहिजाम थाने में शनिवार को पुलिस निरीक्षक सुनील चौधरी ने प्रेस कांफ्रेंस कर बताया कि कोलकाता एसटीएफ के द्वारा कुछ हथियार तस्करों की गिरफ्तारी से प्राप्त सूचना के आलोक में शहरडाल में शाहजहां खान के आवास में छापेमारी कर तलाशी ली गई।दो मंजिला मकान के तहखाने में एक आर्म्स फैक्ट्री पाई ग‌ई।वहां लेद मशीन, रिलिंग मशीन, ग्राइंडिग मशीन सहित पिस्टल निर्माण की सारी व्यवस्थाएं थीं। उन्होंने बताया कि 7 अर्धनिर्मित पिस्टल तथा हथियार निर्माण में प्रयुक्त होने वाले पार्ट्स और औजार बरामद किए गए हैं। बरामद 7 पिस्टल को कोलकाता पुलिस अपने साथ ले ग‌ई है। इसी क्रम में सूचना के आलोक में शाहजहां खान के आवासीय परिसर के निकट एक खपरैल मकान में फिर से तलाशी के दौरान अर्धनिर्मित 3 पिस्टल और इसके पार्ट्स, एक रिलिंग मशीन तथा काफी संख्या में लोहे की पत्तियां बरामद की गई हैं।





पुलिस निरीक्षक सुनील चौधरी ने बताया कि राजू व लालटू तैयार हथियारों की डिलीवरी कोलकाता, चितरंजन रेलवे स्टेशन, धनबाद व बंगाल के कुछ शहरों में किया करते थे। पुलिस की पड़ताल में यह बात उभरकर सामने आई है।