पूर्वांचल सूर्य प्रतिनिधि,गढ़वा।गढ़वा जिला में अवैध खनन, परिवहन और भण्डारण की रोकथाम के लिए समाहरणालय स्थित सभागार में उपायुक्त शेखर जमुआर की अध्यक्षता में जिला स्तरीय टास्क फोर्स की समीक्षात्मक बैठक आयोजित हुई। बैठक में पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार पांडेय,गढ़वा अनुमंडल पदाधिकारी,रंका एवं श्री बंशीधर नगर, जिला खनन पदाधिकारी, राजेन्द्र उरांव, जिला परिवहन पदाधिकारी धीरज प्रकाश समेत जिले के सभी अंचल अधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी और थाना प्रभारियों ने भी बैठक में भाग लिया।
जिले में अवैध खनन, परिवहन एवं भण्डारण की रोकथाम को लेकर बैठक में कई प्रमुख बिंदुओं पर चर्चा कर उपायुक्त ने अंचल अधिकारियों और थाना प्रभारियों को दिशा निर्देश दिए। बैठक में उपायुक्त ने कहा कि जिले में अवैध खनन, परिवहन और भंडारण से संबंधित शिकायत प्राप्ति पर मामले की त्वरित गहन जांच कर संबंधित के विरुद्ध कार्रवाई करें। उन्होंने सभी संबंधित पदाधिकारियों को सक्रिय भूमिका निभाने को कहा। इस दौरान उपायुक्त ने सभी संबंधित पदाधिकारी और थाना प्रभारी को सतत निगरानी रखते हुए किसी भी शिकायत प्राप्ति पर कार्रवाई का निर्देश दिया है। उपायुक्त ने अवैध रूप से बालू ढुलाई की सूचना पर त्वरित कार्रवाई करने का भी निर्देश दिया।





