रांची।बुधवार को गिरफ्तार किए गए आतंकी संगठन इस्लामिक स्टेट ऑफ इराक एंड सीरिया संगठन के आतंकी मोहम्मद नसीम को गुरुवार को रांची सिविल कोर्ट में पेश किया गया। आतंकवाद निरोधी दस्ता की टीम ने कड़ी सुरक्षा के बीच मोहम्मद नसीम को विशेष न्यायालय के समक्ष पेश किया। कोर्ट ने उसे 22 नवंबर तक न्यायिक हिरासत में बिरसा मुंडा केंद्रीय कारागार भेज दिया।





बता दे कि झारखंड में एटीएस ने आईएस‌आईएस से जुड़े दो संदिग्ध आतंकियों को बुधवार को गिरफ्तार किया था। दोनों आतंकियों को झारखंड के हजारीबाग और गोड्डा से गिरफ्तार किया गया था।गिरफ्तार आतंकियों में मोहम्मद नसीम हजारीबाग जिले के कटकमसांडी थाना क्षेत्र के महतो टोला का रहने वाला है। मोहम्मद नसीम की गिरफ्तारी हजारीबाग से की गई। वहीं दूसरा आतंकी मो. आरिज हसनैन गोड्डा जिले के रहमत नगर का रहने वाला है।आरिज हुसनैन की गिरफ्तारी गोड्डा से की गई है।एटीएस को गुप्त सूचना मिली थी कि झारखंड के हजारीबाग और गोड्डा जिले में आईएसआईएस मॉड्यूल को ऑपरेट किया जा रहा है। इसी सूचना पर झारखंड एटीएस ने हजारीबाग और गोड्डा में छापेमारी की।