लखनऊ।उत्तर प्रदेश के सहारनपुर से पकड़ा गया जैश-ए-मोहम्मद का आतंकी मोहम्मद नदीम को उत्तर प्रदेश आतंक निरोधी दस्ता (एटीएस)कस्टडी रिमांड पर लेने के लिए मंगलवार को कोर्ट में अर्जी लगा सकता है।एटीएस आतंकी नदीम के खिलाफ केस की मजबूती के साथ पैरवी करने के लिए उसे कस्टडी रिमांड पर लेकर पूछताछ और साक्ष्य जुटाना चाहती है।एटीएस के मुताबिक थाना गंगोह इलाके में रहने वाला नदीम पाकिस्तान के आतंकी संगठन जैश और तहरीक-ए-तालिबान की विचारधारा से प्रभावित होकर भारत में फिदायीन हमले की तैयारी कर रहा था।





आपको बता दें कि आतंकी मोहम्मद नदीम के पकड़े जाने के दो दिन बाद उसकी निशानदेही पर यूपी एटीएस ने जैश के एक और आतंकी हबीबुल इस्लाम उर्फ सैफुल्लाह को भी पकड़ा है।एटीएस हबीबुल से भी पूछताछ कर रही है।हबीबुल वर्चुअल आईडी के सहारे विदेशी आतंकी संगठनों के संपर्क में था और भारत को इस्लामिक देश बनाने के लिए मुस्लिम युवाओं को जिहाद के लिए उकसा रहा था।





आतंकी मोहम्मद नदीम 2018 से ही जैश और तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान के आतंकियों से व्हाट्सएप, टेलीग्राम, आईएमओ, फेसबुक मैसेंजर, क्लब हाउस जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए संपर्क में था।विदेशी आतंकियों से नदीम ने वर्चुअल नंबर बनाने की ट्रेनिंग ली थी, इसके बाद नदीम ने इन आतंकियों को लगभग 30 से अधिक वर्चुअल नंबर ,वर्चुअल सोशल मीडिया आईडी बनाकर दी थी। पाकिस्तान का आतंकी सैफुल्लाह ने मोहम्मद नदीम को फिदायीन हमला करने के लिए तैयार किया था।हमला कैसे करें इसकी पूरी ट्रेनिंग सोशल मीडिया के जरिए नदीम को उपलब्ध कराई गई थी।सरकारी भवन या पुलिस परिसर पर फिदायीन हमला करने की ट्रेनिंग दी गई थी।





एटीएस की पूछताछ में नदीम ने बताया कि उसे अफगानिस्तान और पाकिस्तान में सक्रिय आतंकी स्पेशल ट्रेनिंग के लिए पाकिस्तान बुला रहे थे।जिस पर वह वीजा लेकर पाकिस्तान जाने और वहां जैश के साथ ट्रेनिंग लेकर सीरिया और अफगानिस्तान जाने की योजना भी बना रहा था। पूछताछ में नदीम ने कबूला कि पाकिस्तान के जैश आतंकी ने उसे नूपुर शर्मा की हत्या का टास्क भी दिया था।एटीएस के एडीजी ने बताया कि नदीम के कुछ भारतीय संपर्कों की जानकारी भी मिली है जिस पर कार्रवाई शुरू कर दी गई है।





यूपी एटीएस के एडीजी नवीन अरोड़ा ने बताया कि नदीम जैश-ए-मोहम्मद और तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान के आतंकियों से सीधे संपर्क में था। नदीम को एटीएस ने इंटरसेप्ट किया और उसके मोबाइल की जांच की।जिसमें फिदायीन विस्फोट की ट्रेनिंग से जुड़ी पीडीएफ फाइल बरामद हुई।नदीम के मोबाइल से पाकिस्तान और अफगानिस्तान के जैश ए मोहम्मद और तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान के आतंकियों से चैट और वॉइस मैसेज भी मिले हैं।