रांची।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में रविवार को नीति आयोग के सातवें शासी निकाय की बैठक होगी।इस बैठक में शामिल होने के लिए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन शुक्रवार को ही नई दिल्ली पहुंच गए।बैठक में सीएम सोरेन राज्य में सुखाड़ की स्थिति इसके कारणों का उल्लेख करते हुए मध्यम सिंचाई योजनाएं और विशेष पैकेज की मांग कर सकते हैं।इसके अलावा सीएम सोरेन राज्य में किए जा रहे विभिन्न क्षेत्रों विशेष कर शिक्षा, कृषि और शहरी विकास की दिशा में किए जा रहे सरकार के प्रयासों का उल्लेख भी कर सकते हैं।
सीएम सोरेन कॉरपोरेटिव फेडरलिज्म के तहत केंद्र से झारखंड को सहयोग मिलता रहे इसके लिए आग्रह भी करेंगे।पीएम मोदी से सीएम सोरेन राज्य में सुखाड़ जैसी बन रही स्थिति का उल्लेख कर सकते हैं।राज्य की अर्थव्यवस्था में कृषि क्षेत्र का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। राज्य के जीएसडीपी में कृषि क्षेत्र की हिस्सेदारी 14.5 प्रतिशत रही है। पठारी क्षेत्र, बारिश कम होने, पथरीली भूमि और बैंकों से अपेक्षित सहयोग की कमी के कारण कृषि क्षेत्र में उम्मीद से कम सफलता मिली है।
झारखंड में लगभग 38 लाख हेक्टेयर कृषि भूमि है।इसमें से 28 लाख हेक्टेयर भूमि में खरीफ और 10 लाख हेक्टेयर भूमि में रबी की खेती की जाती है। सुनिश्चित सिंचाई की सुविधा लगभग 20 प्रतिशत भूमि पर ही उपलब्ध है। हर तीन-चार वर्ष के अंतराल में राज्य सुखाड़ की स्थिति का सामना करना है। इस वर्ष भी 31 जुलाई तक सामान्य से 50 प्रतिशत कम बारिश हुई है और धान की रोपनी केवल 17 फीसदी भूमि पर ही हो पाई है। वर्तमान परिस्थिति में झारखंड सुखाड़ की ओर बढ़ रहा है।
सीएम सोरेन नीति आयोग की बैठक में पंडित रघुनाथ मुरमू ट्राइबल विश्वविद्यालय और कौशल विश्वविद्यालय के बारे में जिक्र कर सकते हैं। राज्य में सकल नामांकन अनुपात को बढ़ाने के लिए पहले से उपलब्ध 63 सरकारी महाविद्यालयों के अतिरिक्त आकांक्षी जिलों, शैक्षणिक रूप से पिछड़े जिलों, दूरस्थ स्थानों में 66 नए सरकारी महिला महाविद्यालय, आदर्श महाविद्यालय, डिग्री महाविद्यालय की स्थापना के बारे में भी जानकारी साझा कर सकते हैं। इस बैठक में शामिल मुख्य सचिव सुखदेव सिंह, योजना विभाग के प्रधान सचिव राहुल शर्मा, सीएम के प्रधान सचिव राजीव अरुण एक्का, सचिव विनय चौबे शामिल होंगे।
राज्यपाल व सीएम आजादी का अमृत महोत्सव कांफ्रेंस में शामिल हुए
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह की मौजूदगी में नई दिल्ली में आयोजित आजादी का अमृत महोत्सव के तीसरे नेशनल कांफ्रेंस में राज्यपाल रमेश बैस और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन शामिल हुए। बैठक में शामिल होने राज्यपाल और मुख्यमंत्री दिल्ली गए हैं।





