रांची।झारखंड में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के एक्शन के बाद लगातार आईएएस,आईपीएस और राजनेताओं के खिलाफ भ्रष्टाचार की शिकायतें मिल रही हैं। 6 मई को ईडी ने तत्कालीन खान सचिव आईएएस पूजा सिंघल के खिलाफ कार्रवाई की थी।पूजा सिंघल की गिरफ्तारी और ईडी की लगातार हो रही कार्रवाई के बाद ईडी के ग्रीवांस सेल में 300 से ज्यादा शिकायतें आई हैं।





ईडी को मिली शिकायतों के आधार पर कई मामलों को वर्तमान में चल रहे अवैध खनन घोटाले से भी जोड़ा जा सकता है।वहीं जिन मामलों में शिकायतें प्रिडिकेटिव अफेंस के दायरे में आती हैं,उन मामलों में ईडी अलग से इंफोर्समेंट कंप्लेन इन्क्वायरी रिपोर्ट दर्ज कर सकती है।फिलहाल ईडी ने अधिकांश मामलों में गृह विभाग और पुलिस मुख्यालय से पत्राचार कर रिपोर्ट मांगी है।वहीं अवैध खनन प्रभावित क्षेत्रों से भी ईडी को लगातार शिकायतें मिली रही हैं।राज्य में ईडी जोनल ऑफिस में तीन दर्जन से अधिक केस में अनुसंधान और ट्रायल चल रहे हैं। केस की मॉनिटरिंग और अनुसंधान के लिए तीन सहायक निदेशक स्तर के पदाधिकारी यहां हैं।

ईडी ने अवैध खनन के मामले में गिरफ्तार अमित अग्रवाल से गुरुवार को पूछताछ कर चुकी है।





ईडी सूत्रों के मुताबिक ईडी के पास आई अधिकांश शिकायतें वैसे लोगों की हैं जो भ्रष्टाचार से पीड़ित रहे हैं,लेकिन ईडी केवल उन्हीं केस की जांच कर सकती है जो प्रिडिकेटिव अफेंस के दायरे में आती है।यही वजह है कि ईडी सभी मामलों की जांच नहीं कर सकती।





ईडी के सूत्रों के मुताबिक अवैध खनन से जुड़े मामले में राज्य के एक वरिष्ठ आईएएस अधिकारी की मुश्किलें बढ़ सकती है। इस मामले में गिरफ्तार प्रेम प्रकाश के मनी ट्रेल की जांच की जा रही है।जांच में यह बात सामने आई है कि संबंधित आईएएस अधिकारी से प्रेम प्रकाश के पैसे के लेन-देन थे। ऐसे में ईडी इस मामले में संबंधित आईएएस को पूछताछ के लिए नोटिस कर सकती है। प्रेम प्रकाश वर्तमान में राजधानी रांची के बिरसा मुंडा केंद्रीय कारागार में बंद है।