उपायुक्त और एसपी ने दसवीं व बारहवीं के बच्चों के लिए बुकलेट का किया विमोचन
बोर्ड परीक्षा 2025 में पाकुड़ जिला को राज्य भर में टॉप कराना मेरी प्राथमिकता:उपायुक्त
पूर्वांचल सूर्य संवाददाता,पाकुड़।रविवार को केकेएम काॅलेज पाकुड़ में जिले के सभी विद्यालय के 10वीं और 12वीं में नामांकित कमजोर विद्यार्थी जो आने वाले वार्षिक माध्यमिक और इंटरमीडिएट परीक्षा 2025 के लिए पंजीकृत हैं। उन सभी छात्रों को प्रोजेक्ट परख के तहत काउंसलिंग सह बुकलेट का विमोचन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्घाटन उपायुक्त मनीष कुमार और पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
उपायुक्त मनीष कुमार ने केकेएम काॅलेज में उपस्थित सभी छात्रों,उनके अभिभावक के साथ और विद्यालय के प्रधान शिक्षकों को प्रोजेक्ट परख के तहत काउंसलिंग किया। उपायुक्त ने बच्चों को बोर्ड परीक्षा की सुनियोजित तरीके से तैयारी करने की सलाह दी।
उपायुक्त मनीष कुमार ने कहा कि आप लोग अगर अच्छी लगन से मेहनत करेंगे तो परिणाम निश्चित रूप से अच्छे मिलेंगे।विद्यार्थी जीवन एक ऐसा पड़ाव है जहां आप कठिन परिश्रम व त्याग से आने वाले भविष्य को सही दिशा में ले जा सकते है। उपायुक्त ने कहा कि आप देश के भविष्य हैं तथा अलग-अलग क्षेत्रों में प्रतिनिधित्व करने की आप सबों में क्षमता है।परीक्षा में आपका एक-एक नम्बर आपके भविष्य के लिए बहुत ही महत्वपूर्ण है।
उपायुक्त मनीष कुमार ने कहा कि राज्य में पाकुड़ जिले को इस बार बोर्ड परीक्षा में नम्बर वन में ले जाना मेरी प्राथमिकता है।आज 10वीं एवं 12वीं प्रश्न पत्र बुकलेट का विमोचन किया गया है। इस बुकलेट को अच्छे से पढ़कर रिजल्ट को बेहतर करें। उपायुक्त ने कहा कि बोर्ड परीक्षा में ज्यादा दिन नही बचे हैं,जितने दिन बचे हैं उतने दिन दिन-रात मेहनत जरूर करें और जिला का नाम रोशन करें। इस बुकलेट को तैयार करने में जिला प्रशासन को बहुत ही मेहनत लगे हैं। इस मेहनत को बेकार जाने नहीं दे। जी तोड़ मेहनत कर पाकुड़ जिले को टॉप करायें। उपायुक्त ने सभी बच्चों से अपील किया कि आप सभी सोशल मीडिया एवं मोबाइल से दूरी बनाएं।
पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने विभिन्न उदाहरण के साथ बच्चों को आगामी बोर्ड परीक्षा में बेहतर करने को लेकर जागरूक किया।एसपी ने बच्चों से कहा कि जो बच्चे राज्य में टॉप करेंगे उन्हें क्रिकेटर महेन्द्र सिंह धोनी से मिलाएंगे।ये सुनकर बच्चें काफी उत्साहित दिखें।
मंच का संचालन वरीय लिपिक पंकज कुमार नीलम ने किया। इस कार्यक्रम में विशेष कार्य पदाधिकारी त्रिभूवन कुमार सिंह, जिला शिक्षा पदाधिकारी अनीता पुरती, एडीपीओ पीयूष कुमार और जिला शिक्षा कार्यालय के कर्मी उपस्थित थे।





