पूर्वांचल सूर्य प्रतिनिधि,धनबाद।महिला एवं बाल विकास विभाग की महत्वाकांक्षी योजना पोषण माह अभियान के तहत उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी माधवी मिश्रा और जिला समाज कल्याण पदाधिकारी अनिता कुजूर ने सबलपुर स्थित वृद्धाश्रम में एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत वृक्षारोपण किया।





इस दौरान उन्होंने सभी लोगों को इस अभियान को जिला स्तर पर सफल बनाने के लिए अधिक से अधिक वृक्ष लगाने की अपील की।कहा कि पर्यावरण को बचाना हमारी प्राथमिकता है, जिससे हमारा वातावरण शुद्ध रहेगा और हम स्वस्थ जीवन जी सकेंगे।





मौके पर उपायुक्त ने वृद्धाश्रम में रह रहें सभी बुजुर्गों से मुलाकात कर सभी का हाल चाल जाना। उन्होंने उनकी समस्याओं के बारे में पूछा।जिसपर बुजुर्गों ने एक एम्बुलेंस, चापानल और कुछ अलमारी की मांग की।उन्होंने सभी बुजुर्गों को भरोसा दिलाया कि जिला प्रशासन जल्द ही उनकी सभी मांगों को पूरा करेगा।





बुजुर्गों ने बताया कि वृद्धाश्रम में उन्हें अच्छी तरह से खानपान कराया जाता है। साथ ही घर जैसा व्यवहार मिलता है। सभी उनका अच्छे से ध्यान रखते हैं,समय-समय पर तरह-तरह की गतिविधियां,खेल,भजन आदि से उन्हें काफी खुशियां मिलती है।





उपायुक्त के वृद्धाश्रम आने पर बुजुर्गों ने उन्हें खूब आशीर्वाद और प्यार दिया।उपायुक्त ने कहा कि आप लोग यहां अच्छे से रह रहे हैं और खुश हैं यह अच्छी बात है,आपकी खुशी ज्यादा महत्वपूर्ण है। आपकी देखरेख में किसी भी तरह की कोई कमी नहीं होगी, जिला प्रशासन आपकी हर मदद करने के लिए आपके साथ हर वक्त खड़ा है।





मौके पर सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा नियाज अहमद, डीआरडीए के संतोष सिन्हा, डीआरडीए के कनीय अभियंता मनोज कुमार मंडल, आश्रम के अध्यक्ष नौशाद गद्दी, आश्रम के सह सचिव सुरेंद्र यादव, एस.एस.हाजरा, ओमकार मिश्रा समेत राष्ट्रीय मानव अधिकार भ्रष्टाचार निवारण भारत के सदस्य और कई अन्य लोग मौजूद रहे।