प्रतिनिधि,हज़ारीबाग़। उपायुक्त नैन्सी सहाय के निर्देश पर 15 मई से 22 मई तक वृद्धि निगरानी सप्ताह के तहत महिला, बाल विकास एवं सामाजिकि सुरक्षा विभाग, स्वास्थ्य विभाग एवं संबंधित विभागों के द्वारा अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत आपसी समन्वय स्थापित कर बच्चों के कुपोषण व महिलाओं के स्वास्थ्य समस्याओं से निपटने हेतु सरकार के विभिन्न कार्यक्रमों के अतिरिक्त आंगनबाड़ी स्तर से 0-5 वर्ष तक के बच्चों की नियमित वृद्धि की निगरानी की जा रही है। इस अभियान के अन्तर्गत पूरे सप्ताह जिले के आंगनबाड़ी केन्द्रों में 0-5 वर्ष के सभी बच्चों, गर्भवती महिलाओं, धात्री माताओं तथा किशोरी बालिकाओं (14-18 वर्ष) का वजन एवं वृद्धि निगरानी का कार्य किया जा रहा है। ताकि बच्चों व महिलाओं के पोषण स्तर की जानकारी प्राप्त की जा सके। इसके साथ ही बच्चों में कुपोषण व गर्भवती महिलाओं की स्वास्थ्य समस्याओं से निपटने हेतु समेकित प्रयास के तहत विभिन्न कार्यक्रम चलाये जा रहे हैं।





गौरतलब है कि भारत सरकार द्वारा निर्मित पोषण ट्रैकर एप्प में वृद्धि निगरानी आंकड़ों की प्रविष्ट कर राज्य/जिला/परियोजना/सेक्टर एवं आंगनबाड़ी स्तर पर कुपोषण की स्थिति का आकलन किया जाना है।





इस मौके पर उपायुक्त ने सभी किशोरियों व माताओं को अपने छोटे बच्चों के साथ अपने-अपने आंगनबाड़ी केन्द्रों पर पहुंच कर पोषण निगरानी कार्यक्रम में सहभागी बनने की अपील की है।