प्रतिनिधि,धनबाद।पत्रकार पर हमले के विरोध में शनिवार को झरिया प्रेस क्लब से पत्रकारों द्वारा काला बिल्ला लगाकर बाइक रैली निकाली गई।जहां पत्रकारों ने हाथों में तख्तियां लिए राज्य में पत्रकार सुरक्षा कानून लागू करने की मांग के नारे लगाए।रणधीर वर्मा चौक पर उक्त रैली सभा में तब्दील हो गई, जहां बलियापुर के पत्रकार प्रवीर महतो पर हुए जानलेवा हमले की निंदा और अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की गई।इस धरना-प्रदर्शन में धनबाद के विधायक राज सिन्हा, कांग्रेस जिला अध्यक्ष संतोष सिंह, भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य रागिनी सिंह तथा कई राजनीतिक दल के प्रतिनिधि भी शामिल हुए।





मौके पर मीडिया से बात करते हुए भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य रागिनी सिंह ने कहा कि इस सरकार में पूरी तरह से कानून- व्यवस्था चौपट हो गई है। लोकतंत्र के चौथे स्तम्भ को भी निशाना बनाया जा रहा है।उन्होंने कहा कि पत्रकार साथियों की इस लड़ाई में पूरा समर्थन है।एआईएसएम जेडबलूए के प्रदेश सलाहकार और वरिष्ठ पत्रकार गणेश मिश्रा ने कहा कि पत्रकार अपने हक की लड़ाई लड़ते रहेंगे। साथ ही उन्होंने कहा कि माफियाओं के खिलाफ लिखना बंद नहीं करेंगे। वे मंच से राज्य में फर्जी मामलों की सीआईडी जांच के साथ ही झारखंड सरकार से पत्रकार सुरक्षा कानून लागू करने की मांग करते रहे।





एआईएसएम जेडबलूए के प्रदेश महासचिव और झरिया प्रेस क्लब के सचिव शैलेंद्र जयसवाल बंटी ने कहा कि हम बलियापुर में पत्रकार पर गोली कांड को लेकर जल्द से जल्द अपराधियों की गिरफ्तारी का मांग करते हैं। वे बोले कि पत्रकार सच लिखता है तो राज्य में कभी फर्जी मामला दर्ज होता है तो कभी गोलियां चलाई जा रही हैं।





कार्यक्रम में धनबाद विधायक राज सिन्हा ने कहा कि हम पत्रकार पर हमले की घोर निन्दा करते हुए अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग करते हैं।मौके पर धनबाद के कई पत्रकार उपस्थित थे।अंत में मुख्यमंत्री के नाम ऐसोसिएशन द्वारा धनबाद उपायुक्त को ज्ञापन सौंपने गए पत्रकारों से एडीएम ने 9 सूत्री मांग पत्र ले लिया। ऐसोसिएशन ने प्रविर महतो को बेहतर चिकित्सा,अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी,गोलीकांड और राज्य में अनुसंधान के नाम पर लंबित फर्जी मामलों की सीआईडी जांच,फर्जी पत्रकार और चैनलों की डीपीआरओ द्वारा जांच,पत्रकार सुरक्षा कानून लागू करने, एक्रिडेशन और बीमा सुविधा देने,एक्रिडेशन कमिटी में सभी जिलों से बुजुर्ग पत्रकार को कमिटी में शामिल करने सहित 9 सूत्री मांग मुख्यमंत्री के नाम सौंपा है।