पूर्वांचल सूर्य संवाददाता,रांची। हेमंत सोरेन सरकार के ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह और स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी से झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स के पदाधिकारियों ने मुलाकात कर बधाई दी।प्रतिनिधिमंडल ने विभागों से जुड़ी समस्याओं पर चर्चा करते हुए अपने सुझाव से भी अवगत कराया।





प्रतिनिधिमंडल ने यह सुझाया कि प्रायः यह देखा जाता है कि योजना कार्यान्वयन में विलंब के कारण विभाग द्वारा आवंटित बजटीय राशि का समुचित खर्च नहीं किया जा पाता और अंततः वित्तीय वर्ष की समाप्ति के पश्चात राशि सरेंडर कर दी जाती है। इससे जनहित से जुड़े कार्य प्रभावित होते हैं। विभाग को इसपर गंभीरता से चिंतन करने की आवश्यकता है। यह भी सुझाया गया कि प्रदेश के ग्रामीण क्षेत्रों के उत्थान के लिए विभाग द्वारा यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए कि केंद्र सरकार की योजनाओं का अधिकाधिक लाभ राज्य को मिले।





ग्रामीण स्तर पर रोजगार के सृजन और युवाओं को स्वरोजगार के क्षेत्र में आगे बढाने के मुद्दों पर भी सकारात्मक चर्चा हुई। यह आश्वस्त किया गया कि विभाग द्वारा निर्धारित किये जानेवाले मॉडल वर्किंग में व्यापारी वर्ग विभाग के साथ सहयोगात्मक भूमिका में रहेंगे।राज्य के विकास में व्यापार और उद्योग जगत की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए मंत्रीगण ने झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स के सहयोग से विकासात्मक मुद्दों पर कार्रवाई की बात कही।





प्रतिनिधिमंडल में चैंबर अध्यक्ष परेश गट्टानी,सह सचिव नवजोत अलंग,कोषाध्यक्ष रोहित अग्रवाल,कार्यकारिणी सदस्य रोहित पोद्दार और श्रम उप समिति के चेयरमेन प्रमोद सारस्वत शामिल थे।