एमजीएम अस्पताल के नवनिर्मित भवन के उद्घाटन में शामिल हुए सीएम सोरेन
डीएमएम पुस्तकालय-सह-बहुउद्देशीय भवन तथा बहुउद्देशीय कान्वेंशन सेंटर का सीएम सोरेन ने किया ऑनलाइन उद्घाटन
जमशेदपुर में भी नया मेडिकल कॉलेज अस्पताल बनेगा: सीएम सोरेन
पूर्वांचल सूर्य संवाददाता,जमशेदपुर।आज कोल्हान,पूर्वी सिंहभूम क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक दिन है।इस क्षेत्र के आम जनमानस को बेहतर स्वस्थ्य चिकित्सा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 500 बेड का एक भव्य अस्पताल हमारी सरकार समर्पित कर रही है।वर्षों से टाटा शहर में अवस्थित अस्पताल जनता की सेवा में था।वर्षों पुराना होने की वजह से उसकी स्थिति जर्जर होती जा रही थी। ऐसे में राज्य सरकार के निर्णय के अनुरूप एक नया मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल कोल्हान की जनता की सेवा में रहेगा।उक्त बातें सूबे के मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने बाबा तिलका मांझी मैदान मानगो जमशेदपुर में आयोजित एमजीएम अस्पताल डिमना,मानगो के नवनिर्मित भवन का उद्घाटन एवं ओपीडी का शुभारंभ कार्यक्रम में अपने सम्बोधन में कही।
सीएम हेमंत सोरेन ने कहा कि आप सभी को याद होगा कि जब राज्य में मेरे नेतृत्व में यहां के आदिवासी-मूलवासियों की अपनी सरकार का गठन 2019 में हुआ था उस समय सरकार के गठन के चंद दिनों बाद ही वैश्विक महामारी कोरोना संक्रमण ने पूरी दुनिया को अपने चपेट में ले लिया।अचानक केंद्र सरकार का आदेश के अनुसार लॉकडाउन का आदेश हुआ और वह ऐसा आदेश था,जिससे पूरा भारत देश जहां का तहां खड़ा रह गया,पूरा देश रुक सा गया,सभी लोग अपने-अपने घरों में बंद रहने के लिए मजबूर हो गए।
सीएम हेमंत सोरेन ने कहा कि हमसभी को यह गर्व होना चाहिए कि देश के लोगों को कोरोना संक्रमण से सुरक्षित करने का काम झारखण्ड ने किया।पूरे देश में मेडिकल ऑक्सीजन सप्लाई करने में झारखण्ड नंबर 1 रहा। सीएम सोरेन ने कहा कि विकट परिस्थिति के समय हमारी सरकार ने ऑक्सीजन सप्लाई कर पूरे देश के लोगों की जान बचाने का काम करती रही।
सीएम हेमंत सोरेन ने कहा कि हमारी सरकार शुरुआती दिनों से ही यहां के लोगों को रोटी,कपड़ा और मकान उपलब्ध कराने की दिशा में निरंतर प्रयासरत रही। सीएम सोरेन ने कहा कि बड़ी संख्या में झारखंड के लोग दूसरे राज्यों में रोजगार के लिए जाते हैं।इसलिए हमारी सरकार ने कानून बनाया कि यहां जो उद्योग लगेंगे उसमें 75 प्रतिशत स्थानीय युवाओं को नियोजित करना होगा। इस कानून का लाभ यहां के नौजवानों को मिला भी। आजकल निजी क्षेत्र में हमारे युवक-युवतियों को रोजगार का अवसर प्राप्त हुआ है। सीएम सोरेन ने कहा कि हमारी सरकार ने राज्य की महिलाओं को सम्मान देने का काम कर दिखाया है।झारखंड मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के तहत महिलाओं के खाते में आर्थिक सहयोग जा रहा है।
सीएम हेमंत सोरेन ने कहा कि केंद्र सरकार की कोयला कंपनियों के पास झारखंड का 1 लाख 36 हजार करोड़ रुपया बकाया है।अगर यह पैसा केंद्र सरकार झारखंड को उपलब्ध करा दे तो राज्य सरकार इस स्थिति में होगी कि हर महिला के खाते में तीन-तीन लाख रुपया भेज सकें। सीएम सोरेन ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा जमशेदपुर में भी नया मेडिकल कॉलेज अस्पताल बनाने का निर्णय लिया गया है।जल्द इसकी आधारशिला रखी जाएगी।आपकी सरकार लगातार स्वास्थ्य के क्षेत्र में व्यवस्थाओं को मजबूत करने के प्रयास में जुटी है। जमशेदपुर के मानगो और पारीडीह में भी फ्लाईओवर का काम चल रहा है। बहुत जल्द इसमें वाहनों का परिचालन जमशेदपुरवासी शुरू कर सकें इसका प्रयास किया जा रहा है।
सीएम हेमंत सोरेन ने कहा कि गरीब,किसान,मजदूर सहित सभी वर्ग समुदाय के लोगों को राज्य सरकार द्वारा अलग-अलग योजनाओं के माध्यम से लाभ प्रदान किया जा रहा है। किसानों का 2 लाख रुपए तक का ऋण माफ किया गया। गरीब बिजली उपभोक्ताओं का 200 यूनिट तक का बकाया बिजली बिल माफ किया गया।साथ ही 200 यूनिट तक बिजली मुफ्त कर दी गई। सीएम सोरेन ने कहा कि हमारी सरकार ने राज्य में सर्वजन पेंशन योजना लागू करने का कार्य किया। यह योजना इतनी प्रभावकारी रही कि वर्तमान समय में सामाजिक सुरक्षा के अंतर्गत पात्र सभी लोगों को पेंशन उपलब्ध कराया जा रहा है।
सीएम हेमंत सोरेन ने कहा कि इस एमजीएम मेडिकल कॉलेज में पढ़ रहे छात्रों ने अपनी समस्याओं को लेकर आवेदन दिए हैं। मैं आप सभी छात्रों से कहना चाहूंगा कि यह बात हमारे कानों तक आज पहुंची है।आप आश्वस्त रहें, एक माह के अंदर आपकी समस्या का समाधान होना प्रारंभ हो जाएगा,बेफिक्र होकर अपने कार्य को अंजाम देते रहें,आप जनता की सेवा में लगें,अच्छे चिकित्सक बनें,आपकी समस्या का समाधान राज्य सरकार करेगी।
एमजीएम मेडिकल अस्पताल के नवनिर्मित भवन का विवरण
30 एकड़ भूमि क्षेत्र में फैले इस अभिनव निर्माण का शुभारम्भ अक्टूबर 2020 में लार्सन एण्ड टूब्रो इलेक्ट्रिक कम्पनी द्वारा किया गया था।
376 करोड़ की लागत से तैयार इस महत्वाकांक्षी परियोजना में चिकित्सा सुविधाओं के लिए 7 तल्लों का एक मुख्य भवन बनाया गया है,जिसमें कुल तीन ब्लॉक हैं।
प्रशासनिक कर्मियों के लिए भवनों का समूह परिसर में ही बना है। 30 एकड़ में से कुल दस लाख वर्गफीट में निर्माण कार्य कराया गया है,जिसमें सात लाख वर्गफीट में चिकित्सा सेवा सम्बन्धी भवन बनाये गये हैं।
लगभग 140 नर्सिंग स्टाफ के रहने हेतु एक अलग भवन का निर्माण किया गया है।पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था एवं सभी अन्य सुविधाओं से परिसर को भलि-भांति सजाया गया है।
मुख्य चिकित्सा भवन के ब्लॉक-1 में श्वसन समस्याओं,चर्म रोग,गहन चिकित्सा ईकाई,डायलिसिस,शल्य चिकित्सा, औषधिय चिकित्सा,बच्चे तथा बच्चियों के लिए अलग अलग शिशु वार्ड तथा वाह्य चिकित्सा सेवाओं की सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
इस ब्लॉक में पार्किंग,अग्निशमन नियंत्रण कक्ष, सुरक्षा सेवाएं तथा सीसीटीवी कक्ष बनाया गया है।
ब्लॉक 1-2 में मुख्य रूप से ऑपरेशन थिएटर,निचला तल्ले में व्याख्यान कक्ष एवं हर प्रकार की जांच सुविधाएं, ब्लड बैंक, लेकर रूम तथा ऑपरेशन के पश्चात् की सेवाओं को उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गयी है।
ब्लॉक-3 में मानसिक स्वास्थ्य,नाक-कान-गला,नेत्र, बर्न वार्ड, गायनो, ऑर्थोपेडिक्स आदि के साथ-साथ रेडियोलॉजी, वाह्य हड्डी रोग सेवा, दन्त चिकित्सा सेवा, एक्स रे आदि की अत्याधुनिक सुविधाओं से लैश संरचनाएं तैयार की गयी है।
इस अवसर पर मंत्री बन्ना गुप्ता,मंत्री रामदास सोरेन,विधायक मंगल कालिंदी,विधायक समीर कुमार मोहन्ती,विधायक संजीव सरदार,विधायक सविता महतो,अध्यक्ष,अल्पसंख्यक आयोग हिदायतुल्लाह खान,उपाध्यक्ष गौ सेवा आयोग राजू गिरी,जिला 20 सूत्री उपाध्यक्ष मोहन कर्मकार के अलावा पूर्वी सिंहभूम जिले के उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक समेत जिला प्रशासन के कई अधिकारी मौजूद रहे।





