कदमा रामनगर में गैस रिसाव से लगी फ्लैट में आग, एक महिला की जलकर हुई मौत,डॉगी और दो घायल
टाटा स्टील की दो और झारखंड अग्निशमन विभाग की एक दमकल ने ढाई घंटे में आग पर पाया काबू
सूचना पाकर एसडीएम पहुंचे मौके पर, अन्य राजनीतिक दलों के साथ बचाव कार्य में किया सहयोग
प्रतिनिधि,जमशेदपुर। कदमा थाना अंतर्गत रामनगर रोड नंबर 1 सामुदायिक भवन के पास स्थित बसंत विहार अपार्टमेंट के तीसरे तल्ले के फ्लैट में रहने वाले ओमप्रकाश गुप्ता के फ्लैट में बुधवार की सुबह गैस सिलेंडर में रिसाव होने से अचानक आग लग गई। इस दौरान आग की लपटे तेज होने लगी, जिससे गैस सिलेंडर ब्लास्ट कर गया। वहीं सिलेंडर के ब्लास्ट करते ही आग ने विकराल रूप धारण कर लिया।सिलेंडर ब्लास्ट की आवाज इतनी जोरदार थी कि पूरे अपार्टमेंट में अफरा तफरी का माहौल उत्पन्न हो गया और लोग अपने-अपने फ्लैट से निकलकर कुछ नीचे तो कुछ छत की तरह भागने लगे। वहीं आगजनी की खबर मिलते ही अपार्टमेंट के पास स्थानीय लोगों की भारी भीड़ लग गई,जिसके बाद घटना की सूचना संबंधित थाने के साथ-साथ फायर ब्रिगेड को भी दी गई।
सूचना पाकर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभाला। इसी बीच टाटा स्टील फायर ब्रिगेड की दो और झारखंड अग्निशमन विभाग की एक वाहन मौके पर पहुंची,जिसके बाद रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू हुआ और तीनों वाहन पानी के बौछार से आग पर काबू पाने की कोशिश करने लगे। इधर मामले की सूचना मिलने पर एसडीएम पीयूष सिन्हा और एग्जीक्यूटिव मजिस्ट्रेट सुमित प्रकाश समेत अन्य अधिकार भी मौके पर पहुंचे। साथ ही भाजपा कदमा मंडल अध्यक्ष राजेश सिंह, भाजपा नेता नीरज सिंह, विकास सिंह, कांग्रेस कदमा, बिस्टुपुर, सोनारी व साकची प्रखंड अध्यक्ष बबुआ झा, संजय तिवारी समेत अन्य राजनेता भी मौके पर पहुंचे,जिसके बाद सभी ने मिलकर मौके पर राहत कार्य में सहयोग भी किया।
घटना के दौरान फायर ब्रिगेड कर्मियों ने छत में फंसे हुए फ्लैट वासियों को बाहर निकाला। बचाव के दौरान ही जब फायर ब्रिगेड कर्मी फ्लैट का दरवाजा तोड़कर अंदर घुसे तो वहां एक महिला मृत अवस्था में फर्श पर पड़ी मिली। जिसकी पहचान कारोबारी ओमप्रकाश गुप्ता की पत्नी निशा गुप्ता के रूप में हुई,जबकि बचाव कार्य के दौरान ही फायर ब्रिगेड कर्मियों ने एक बुजुर्ग और बच्ची को भी फ्लैट से नीचे उतारा। जो आगजनी के कारण अपार्टमेंट में भरे धुएं से बेशुध हो गए थे। मृत महिला समेत घायलों को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल भेजा गया। मृत महिला निशा गुप्ता तारापुर स्कूल की शिक्षिका बताई जा रही है। जिस वक्त यह घटना घटी उस वक्त महिला घर में अकेली थी और रसोई घर में खाना पका रही थी। तभी अचानक गैस सिलेंडर में आग लग गई। इसी बीच गैस सिलेंडर के साथ-साथ दो इनवर्टर की बैटरी के फटने से पूरा फ्लैट में आग लग गई। फ्लैट से दो डॉगी को भी बाहर निकल गया,जिसमें से लेब्रा डॉग आग से हल्का झुलस गया है। लगभग ढाई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद फायर ब्रिगेड कर्मियों ने आग पर काबू पाया। फिलहाल पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दूसरी तरफ पुलिस आगजनी के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है।





