रांची।झारखंड में एक विदेशी नागरिक ने आत्महत्या कर ली।मैकलुस्कीगंज स्थित झारखंड बंगले में उसका शव फंदे से लटकता हुआ पाया गया।उसकी पहचान 70 वर्षीय मारकोस लेथरडेल के रूप में हुई।मारकोस लेथरडेल मूल रूप से कनाडा के रहने वाले थे।मारकोस के पास कनाडा और अमेरिका दोनों देशों की नागरिकता थी।मारकोस मैकलुस्कीगंज निवासी कैलाश यादव के यहां रुके हुए थे।शव के पास सुसाइड नोट भी मिला है।





कैलाश ने बताया कि नवंबर 2021 में मारकोस लेथरडेल मैकलुस्कीगंज आए थे।घटना के दिन कैलाश यादव अपने परिवार के साथ रांची में थे।मारकोस कैलाश के झारखंड बंगले में थे।शनिवार की सुबह मारकोस की पूर्व पत्नी ने अमेरिका से फोन कर कैलाश को बताया कि मारकोस ठीक नहीं हैं।इसके बाद कैलाश रांची से मैकलुस्कीगंज पहुंचे।





कैलाश ने बताया कि बंगले के एक कमरे की छत में लगी लकड़ी की बीम से मारकोस का शव लटका मिला। घटनास्थल से एक सुसाइड नोट भी मिला है,जिसमें मारकोस ने अपनी मौत के लिए किसी को दोषी नहीं बताया है।पुलिस का कहना है कि सुसाइड नोट से इस कांड के रहस्य से पर्दा उठने की उम्मीद है।





सूचना मिलने पर मैकलुस्कीगंज थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया। कैलाश यादव की लिखित सूचना पर यूडी केस दर्ज किया गया है।





पुलिस उप अधीक्षक खलारी अनिमेष नैथानी ने बताया कि मारकोस लेथरडेल की मौत की सूचना कनाडा और अमेरिका दूतावास को दे दी गई है। मारकोस ने अपनी पूर्व पत्नी पत्नी को तलाक दे दिया था, लेकिन दोनों के बीच बातचीत होती थी। नैथानी ने कहा कि फिर भी पुलिस हैंडराइटिंग मिलाएगी। पोस्टमार्टम भी बोर्ड द्वारा कराने का प्रयास किया जा रहा है।अभी यूडी केस दर्ज किया गया है। अनुसंधान में जो सामने आएगा उसके अनुसार कार्रवाई की जाएगी।