रांची।कलकत्ता हाईकोर्ट ने झारखंड के गिरफ्तार तीन कांग्रेस विधायकों द्वारा सीबीआई को जांच सौंपने की याचिका को खारिज कर दिया।कोर्ट ने सीआईडी को निष्पक्ष तरीके से जांच जारी रखने की अनुमति दी है।
आपको बता दें कि झारखंड के कांग्रेस के तीन विधायक इरफान अंसारी, राजेश कच्छप और नमन बिक्सल कोंगारी जिस गाड़ी से यात्रा कर रहे थे।उस गाड़ी में कथित तौर पर 49 लाख रुपए नकद जब्त होने के बाद पश्चिम बंगाल पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया था।
पश्चिम बंगाल की सीआईडी ने दावा किया कि दिल्ली और गुवाहाटी में उसके दो दलों को झारखंड के तीन विधायकों से नकदी जब्ती मामले की जांच करने से स्थानीय पुलिस ने रोका। सीआईडी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने आरोप लगाया कि गिरफ्तार किए गए झारखंड के तीन विधायकों के एक करीबी सहयोगी की संपत्ति पर छापेमारी करने से दिल्ली पुलिस ने बुधवार को उसके एक दल को राष्ट्रीय राजधानी में रोका और हिरासत में ले लिया। सीआईडी ने इस व्यक्ति को मामले में आरोपी बताया है।
झारखंड में झारखंड मुक्ति मोर्चा सरकार की सहयोगी कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि भारतीय जनता पार्टी झारखंड में प्रत्येक विधायकों को 10-10 करोड़ रुपए और मंत्री पद का प्रस्ताव दे कर झामुमो नीत सरकार को गिराने की कोशिश कर रही है। कांग्रेस ने असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा पर भी साजिश में शामिल होने का आरोप लगाया है।इन आरोपों को भाजपा ने खारिज करते हुए दावा किया कि कांग्रेस अपने भ्रष्टाचार को छिपाने की कोशिश कर रही है।





