रांची।राज्य में भीषण गर्मी के बीच मंगलवार को मौसम में कई तरह का बदलाव हुआ।हवा के दबाव में गर्मी की वजह से अंतर होने से कई इलाके में 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चली तो कुछ जगहों पर तेज हवा भी चली। राज्य में साइक्लोनिक सरकुलेशन बनने और इसी से जुड़े टर्फ लाइन के पश्चिमी आसाम तक कायम रहने से पूर्वी भाग में संतालपरगना और कोल्हान प्रमंडल में कुछ जगहों पर बूंदाबांदी और हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश हुई। इस दौरान बादल गर्जे और वज्रपात भी हुआ।
सिस्टम के प्रभावी रहने का फायदा राज्य में रहने वाले लोगों को आने वाले तीन दिन में मिलेगा।तापमान में बदलाव होने के साथ ही पारा चार से पांच डिग्री सेसि तक नीचे जाएगा। इससे आमजन को लू और उमस भरी गर्मी से थोड़ी राहत मिलेगी।बैरहाल रांची और लोहरदगा में आने वाले दो दिन तक हीट वेब की स्थिति बनी रहेगी।
राज्य के आठ शहरों का पारा मंगलवार को 40 डिग्री सेसि के पार रहा। गिरिडीह में अधिकतम तापमान सामान्य से 7.2 डिग्री सेसि अधिक रहा। जिससे वहां गंभीर लू की स्थिति बनी हुई है।बोकारो में गंभीर गर्म रात के हालात बने रहे। मेदिनीनगर में पारा 45.2 डिग्री सेसि रहा। जो सामान्य से 5.8 डिग्री सेसि अधिक है। राजधानी रांची में पारा 41.6 डिग्री सेसि रहा, जो सामान्य से 6.2 डिग्री सेसि अधिक है। दोनों शहरों में लू चलती रही।जमशेदपुर का तापमान 43.6, बोकारो थर्मल का 42.5, चाईबासा का 43.4, देवघर का 42.7, गोड्डा का 42.0 और साहेबगंज का 36.1 डिग्री सेसि रहा। मौसम पूर्वानुमान में बुधवार को पलामू प्रमंडल के अलावा रांची और लोहरदगा में लू चलेगी। वहीं पूर्वी भाग के संतालपरगना में तेज हवा का बहाव, बादल गर्जन और वज्रपात के आसार हैं।





