लखनऊ।उत्तर प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय पर रविवार को
कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अजय माकन ने प्रेस कांफ्रेंस की। प्रेस कांफ्रेंस में उन्होंने कहा कि अग्निपथ योजना वापस लेने के लिए सोमवार को सुबह दस से एक बजे तक देश की हर विधानसभा में कांग्रेस धरना देगी। अग्निपथ योजना को युवकों के खिलाफ बताते हुए माकन ने कहा कि भाजपा ने वन रैंक,वन पेंशन का किया था वादा, अग्निपथ बिना रैंक, बिना पेशंन का है इरादा
अजय माकन ने कहा कि अग्निपथ योजना हमारी सीमाओं की सुरक्षा पर नकारात्मक असर डालेगी। अग्निपथ नाम, नमक, निशान और यूनिट से अग्निवीरों का जुड़ाव नहीं होगा। उन्होंने कहा कि 50 से 80 हजार सैनिक हर साल भर्ती होती थी,लेकिन अब हर चौथे साल अग्निपथ के सैनिक हटा दिए जाएंगे।जिसके चलते अब हर साल साढ़े ग्यारह हजार सैनिक ही भर्ती हो पाएंगे। उन्होंने कहा कि कुछ सालों में हमारे सैनिक 14 लाख से घटकर 6 लाख रह जाएंगे।कोविड के दौरान फिजिकल टेस्ट पास कर चुके 50 हजार से अधिक नौजवानों को सीधे भर्ती न देकर अग्निपथ योजना के तहत उन्हें भर्ती किया जा रहा है।
जनरल विपिन रावत के बयान की दिलाई याद
अजय माकन ने पूर्व सीडीएस बिपिन रावत के एक बयान का हवाला देते हुए कहा कि जनरल रावत ने नवंबर 2021 में कहा था कि मैं चाहता हूं सैनिक सिर्फ 17 साल की नौकरी के बाद रिटायर न हों बल्कि पूरी नौकरी करें। अब सेनाध्यक्षों को शहीद विपिन रावत की बात माननी चाहिए।देश में खाली पड़े सरकारी पदों पर भर्ती की मांग करते हुए माकन ने कहा कि 62 लाख सरकारी पद खाली पड़े हैं,उनको क्यों नहीं भरा जा रहा है।उन्होंने कहा कि सरकार तनख्वाह, पेंशन का पैसा बचाना चाहती है। सरकार के खर्च बचाने और महाराष्ट्र के घटनाक्रम को जोड़ते हुए अजय माकन ने चुटकी ली और कहा कि विधायकों की खरीद फरोख्त में पैसा न लगाकर भी खर्च कम किया जा सकता है।
गांधीवादी तरीके से करें आंदोलन
प्रेस कांफ्रेंस के अंत में अजय माकन ने युवाओं से अपील भी की किसी भी आंदोलन के लिए हिंसा का सहारा न लिया जाए। उन्होंने कहा कि युवाओं को गांधीवादी तरीके, सत्याग्रह से सरकार की नीतियों का विरोध करना चाहिए।





