रांची।झारखंड हाईकोर्ट के अधिवक्ता राजीव कुमार के पास से बरामद हुए 50 लाख रुपए के मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की गिरफ्त में आए कारोबारी अमित अग्रवाल को ईडी ने सात दिनों की रिमांड पर लिया है।रिमांड में पूछताछ के बाद 15 अक्तूबर को कोर्ट में अमित को पेश किया जाएगा। इसके पहले अमित अग्रवाल को ईडी ने विशेष कोर्ट में पेश किया। अदालत ने अमित को 14 अक्तूबर तक न्यायिक हिरासत में भेजा था।





ईडी ने इसके बाद आवेदन देकर अमित अग्रवाल से पूछताछ के लिए 14 दिनों की रिमांड मांगी।ईडी की ओर से अदालत को बताया गया कि अमित से कई बिंदुओं पर पूछताछ जरूरी है।जबकि अमित अग्रवाल की ओर से इसका विरोध किया गया। दोनों पक्षों को सुनने के बाद अदालत ने ईडी को सात दिनों के रिमांड पर लेने की अनुमति दे दी। इसके बाद अमित अग्रवाल को जेल भेज दिया गया। रविवार को ईडी अमित को रिमांड पर लेगी।





शुक्रवार को ईडी ने अमित अग्रवाल को पूछताछ के लिए बुलाया था। पूछताछ के बाद ईडी ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया था। अमित ने आरोप लगाया था कि मुख्यमंत्री और अन्य लोगों के खिलाफ शेल कंपनी व अवैध खनन से जुड़ी याचिका को मैनेज करने के नाम पर राजीव ने एक करोड़ रुपए की मांग की थी जिसकी पहली किस्त के रूप में 50 लाख लेते राजीव कुमार को कोलकाता पुलिस ने गत 31 जुलाई को गिरफ्तार किया था।





राजीव की गिरफ्तारी के बाद अमित और सोनू में हुआ था विवाद





राजीव कुमार की गिरफ्तारी के बाद अमित अग्रवाल और सोनू अग्रवाल में विवाद हुआ था। ईडी को कुछ वाट्सऐप चैट हासिल हुए हैं जिसके जरिए इस बात की पुष्टि हुई है। जानकारी के मुताबिक सोनू के कहने पर राजीव कोलकाता गए थे,लेकिन वहां अमित द्वारा ट्रैपिंग करा दी जाएगी, उससे सोनू अग्रवाल अनभिज्ञ था। सूत्रों के मुताबिक, एजेंसी को जो चैट मिले हैं।उसमे सोनू गिरफ्तारी के बाद अपनी नाराजगी जाहिर की थी और साथ ही दोनों के बीच चैट पर बहस भी हुई थी।