पूर्वांचल सूर्य प्रतिनिधि,धनबाद।धनबाद जिले में वासेपुर के फरार और मोस्ट वांटेड कुख्यात गैंगस्टर प्रिंस खान के 6 गुर्गों को धनबाद पुलिस ने गिरफ्तार किया है।सभी के पास से हथियार भी बरामद हुए हैं।





एसएसपी हृदीप.पी.जनार्दनन ने पत्रकार वार्ता में मीडिया को बताया कि पुलिस को सूत्रों से गुप्त सूचना मिली थी कि प्रिंस खान गिरोह के कुछ अपराधकर्मी हथियार के साथ कहीं हत्या या फायरिंग की घटना को अंजाम देने वाले हैं।इसके बाद पूरे जिले की नाकाबंदी कर चेकिंग शुरू की गई।इस क्रम में केंदुआडीह थाना के शिमलाबहाल ब्रिज के पास से राजेश कुमार बधावन,अजय कुमार सिंह,सागर कुमार मल्लाह उर्फ बिट्टू को एक स्वीफट डिजायर कार से हथियार,गोली, मोबाइल इत्यादि के साथ गिरफ्तार किया गया।





एसएसपी ने बताया कि कतरास थाना के निचीतपुर रेलवे साइडिंग से गणेश गुप्ता एवं करण सिंह को मोटरसाइकिल से भागने के क्रम में पीछा कर गिरफ्तार किया गया।इनके पास से भी हथियार गोली बरामद हुआ।उनकी सूचना पर एक अन्य सहयोगी प्रियेश कुमार सिंह को धनबाद बस स्टैंड से गिरफ्तार किया गया।





एसएसपी ने बताया कि गिरफ्तार अपराधकर्मियों ने पूछताछ के दौरान अपने को प्रिंस खान गिरोह का सदस्य बताते हुए हाल के दिनों मे बरवाअड्डा,तेतुलमारी तथा बलियापुर थाना क्षेत्र मे प्रिंस खान के इशारे पर गोली मारने की बात स्वीकार की। गिरफ्तार अपराधकर्मियों में मुख्य रूप से गणेश गुप्ता है, जिसने वर्तमान में प्रिंस खान के निर्देश पर सभी घटनाओं को शूटरों एवं अन्य संसाधनों की व्यवस्था कर अंजाम दिलाया है।