धनबाद।झारखंड के धनबाद में अवैध कोयला खनन को लेकर प्रर्वतन निदेशालय (ईडी) ने पुलिस मुख्यालय से रिपोर्ट मांगी है।इसे लेकर ईडी के अधिकारी ने पुलिस मुख्यालय आईजी मानवाधिकार अखिलेश झा को पत्र लिखा है।ईडी की ओर से बताया गया है कि उन्हें मामले में लिखित शिकायत मिली है। शिकायत करने वाले का आरोप है कि धनबाद इसीएल मुगमा इलाके में अवैध उत्खनन किया जा रहा है।इस काम में माइनिंग माफिया माखो सिंह और उनके बेटे बबलू सिंह शामिल हैं।





यह काम माखो सिंह और उनके बेटे धनबाद एसएसपी संजीव कुमार, रमेश, रामाशंकर सिंह, विनोद कुमार और संजय सिंह की मदद से कर रहे हैं।इस काम से संबंधित लोगों ने खुद और अपने परिवार के सदस्यों के नाम पर अवैध संपत्ति भी अर्जित की है।इसलिए इस मामले में अगर कोई प्राथमिकी दर्ज हो और कोर्ट में कोई आरोप पत्र समर्पित हो, तो इसे उपलब्ध कराया जाए।साथ ही कहा गया है कि शिकायत में जिन लोगों के नाम का उल्लेख है और उनके संबंध में कोई दूसरे दस्तावेज भी हैं, तो उसे ईडी को दिया जाए।





रोज सैकड़ों हाइवा कोयला चोरी का खेल





धनबाद जिले का चाहे कोई भी क्षेत्र हो कोयला माफियाओं का सिंडिकेट सक्रिय हैं। बाघमारा-कतरास, निरसा और झरिया से लेकर बोकारो तक कोयला माफियाओं का सिंडिकेट सक्रिय है। इसीएल और बीसीसीएल के कोलियरी क्षेत्रों से एमपीएल और रघुनाथपुर थर्मल पावर स्टेशन को कोयला ट्रांसपोर्टिंग होती है।इसमें लगे हाइवा से हर दिन बड़े पैमाने पर कोयला चोरी होता है।एक अनुमान के मुताबिक अभी रोज औसतन 700 से 800 हाइवा कोयला की अवैध तस्करी हो रही है, जो डिहरी, बनारस और बंगाल की मंडियों और अन्य स्थानों पर खपाया जा रहा है।





कोयला तस्करी के सिंडिकेट का किंगपिन अलग-अलग लोगों ने संभाल रखा है।निरसा के सिंडिकेट का किंगपिन रमेश, बाघमारा-कतरास का आर टुडू और झरिया का सिंडिकेट मुकेश एंड कंपनी ने संभाल रखा है।