खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी ने विभिन्न मुर्गा मीट दुकानों का किया निरीक्षण,दिए निर्देश





प्रशासन से परमिशन लेकर करे कार्य एवं अपशिष्ट पदार्थों का सही तरीके से करें निपटारा:प्रकाश चंद्र गुग्गी





पूर्वांचल सूर्य प्रतिनिधि,बरही।बरही के हजारीबाग रोड स्थित चिकन और मटन दुकानों का जिला खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी प्रकाश चंद्र गुग्गी ने निरीक्षण किया।इस अभियान के दौरान उन्होंने दुकानदारों को खुले में मांस और मुर्गे की बिक्री न करने की सख्त चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि नागरिकों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।





खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी ने कहा कि सड़कों के किनारे खुले में मांस और मुर्गे की बिक्री से स्वास्थ्य पर बुरा प्रभाव पड़ सकता है और इसे तुरंत बंद किया जाना चाहिए। इसके साथ ही दुकानदारों को हिदायत दी गई कि मांस से संबंधित सभी अपशिष्ट पदार्थों का सही तरीके से निपटारा किया जाए। उन्होंने विशेष रूप से जोर दिया कि चमड़े या खाल को सड़कों पर या खुले में न फेंका जाए।





प्रकाश चंद्र गुग्गी ने दुकानदारों को यह भी स्पष्ट किया कि उन्हें बरही प्रशासन और पशु चिकित्सा पदाधिकारी से अनुमति प्राप्त कर ही कार्य करना है। उन्होंने कहा कि इस नियम का पालन नहीं करने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। यह सुनिश्चित किया जाएगा कि मांस और मुर्गे की बिक्री के सभी नियमों का पालन हो, ताकि नागरिकों की सेहत पर कोई दुष्प्रभाव न पड़े।





निरीक्षण अभियान के दौरान हजारीबाग रोड स्थित कई दुकानों की जांच की गई। इनमें हिंदू झटका मुर्गा दुकान, वीर हिंदू झटका मीट और मुर्गा दुकान, साहिल मुर्गा दुकान और चिकन सेंटर शामिल थे।





इस निरीक्षण के दौरान खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी के साथ पशु चिकित्सा पदाधिकारी और सहायक विकास शर्मा भी मौजूद थे। साथ ही बरही पुलिस पदाधिकारी ने भी इस अभियान में सहयोग दिया।