लखनऊ।उत्तर प्रदेश के पूर्वांचल के गाजीपुर जिले में बुधवार की सुबह गहमर गांव में तालाब में मछली पकड़ते समय युवकों को हैंड ग्रेनेड मिला था।हैंड ग्रेनेड के मिलने की खबर फैलते ही हड़कंप मच गया।तालाब पर लोगों का जमावड़ा लग गया। लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी।सूचना पर पहुंची पुलिस ने हैंड ग्रेनेड कोअपने कब्जे में लेकर मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार गहमर गांव के प्राथमिक विद्यालय पश्चिमी के पास तालाब में बुधवार की सुबह कुछ युवक मछली पकड़ रहे थे।इसी दौरान उनकी नजर एक जंग लगे हुए लोहे के सामान पर पड़ी। युवकों ने जब उसे बाहर निकाला तो वहां ग्रामीणों की भीड़ लग गई।
कुछ लोगों ने बताया कि ये तो हैंड ग्रेनेड है।इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।पुलिस इस बारे में भी कुछ भी बताने से कतरा रही है।गहमर कोतवाली से 500 मीटर की दूरी पर तालाब में हैंड ग्रेनेड कैसे पहुंचा,इस बात को लेकर लोगों में तरह-तरह की चर्चाए हैं।
जमानिया सीओ हितेंद्र कृष्ण ने बताया कि हैंड ग्रेनेड मिलने की सूचना विभागीय उच्चाधिकारियों को दी गई है। फिलहाल उसे सुरक्षित माल खाने में रखवा दिया गया है। हैंड ग्रेनेड मिलने के पीछे के कारणों की छानबीन की जा रही है।
एसपी रामबदन सिंह ने बताया कि बरामद हैंड ग्रेनेड काफी पुराना और डमी लग रहा है। उसमें जंग लगा हुआ है। फिलहाल उसे गड्ढा खोदकर जमीन के अंदर रखा गया है। बम निरोधक दस्ते को सूचना दी गई है। मामले की छानबीन जारी है।





