पूर्वांचल सूर्य प्रतिनिधि,चाईबासा।राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकार नई दिल्ली और झालसा रांची के निर्देश पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार पश्चिमी सिंहभूम चाईबासा द्वारा मंडल कारा चाईबासा में गांधी जयंती के अवसर पर बुधवार को जेल अदालत सह कानूनी जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।





जेल अदालत के लिए गठित अंकित कुमार सिंह की न्यायिक पीठ ने प्रस्तुत मामलों में तीन मामलों का निष्पादन किया और चार बंदियों को रिहा करने का आदेश दिया।प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह डालसा अध्यक्ष मोहम्मद शाकिर के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में सर्वप्रथम न्यायिक पदाधिकारियों ने महात्मा गांधी के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।





विधिक जागरूकता कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डालसा सचिव राजीव कुमार सिंह ने कहा कि सभी कैदियों को न्यायालय में चल रहे अपने मामले के बारे में जानकारी रखनी चाहिए है। सभी बंदियों को निःशुल्क न्याय देना हमारा कर्तव्य है।बंदियों को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के जन्म दिवस की बधाई देते हुए उन्होंने कहा कि हमें सत्य,अहिंसा के मार्ग पर चलना चाहिए।





डालसा सचिव ने बताया कि नालसा,झालसा और डालसा बंदियों की बेहतरी के लिए निरंतर सक्रिय रहता है और राष्ट्रीय त्यौहारों में विशेष लोक अदालतों के माध्यम से उन्हें राहत देने का प्रयास करती है।





इस मौके पर रेलवे दंडाधिकारी मंजीत कुमार साहू,प्रथम श्रेणी न्यायिक दंडाधिकारी एंजिलिना नीलम मड़की,एलएडीएस उप प्रमुख सुरेंद्र प्रसाद दास,प्राधिकार के सदस्य विकास दोदराजका,जेल अधीक्षक सुनील कुमार सिंह, डालसा के सहायक अभिषेक कुमार,चक्रधरपुर अनुमंडल न्यायालय से खगेंद्र महतो सहित संबंधित न्यायपालिका के कर्मचारी भी उपस्थित थे।