सहारनपुर। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की गर्मागर्मी के बीच सहारनपुर से दिल को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। जहां गाड़ी ओवरटेक को लेकर हुए विवाद में एक पत्रकार की तीन लोगों ने बीच रास्ते पर बेरहमी से पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया।

आपको बता दे कि सुधीर सैनी शाह टाइम्स अखबार के पत्रकार थे। दिल को झकझोर देने वाली घटना बुधवार की है। कोतवाली देहात के चिलकाना रोड पर सुधीर सैनी अपनी बाइक से गुजर रहे थे।इसी दौरान एक ऑल्टो आई और दोनों के बीच रेस जैसी हालत बन गई।उसके बाद कार सवार तीन युवकों के साथ ओवरटेक को लेकर सुधीर का विवाद हो गया। कार को आगे निकालर उसमें सवार तीन लोगों ने सुधीर को रोक कर बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया।तीनों लोगों ने सुधीर मरा हुआ समझकर पानी के गड्ढ़े में फेंक दिया।पुलिस और स्थानीय लोगों ने सुधीर को अस्पताल पहुंचाया।जहां इलाज के दौरान सुधीर ने दम तोड़ दिया।

मृतक पत्रकार के परिजनों ने कोतवाली देहात थाने में ऑल्टो सवार तीन आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कराया। इनमें चिकलाना थाना के धोलाहेडी निवासी जहांगीर पुत्र इकराम एवं फरमान पुत्र इरफान और सीकरी के निवासी मन्नान पुत्र फय्याज शामिल हैं। इनके खिलाफ धारा 302 के तहत मामला दर्ज कराया गया।

एसएसपी सहारनपुर और एएसपी नगर के नेतृत्व में कोतवाली देहात पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने कहा कि आगे की आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


एसएसपी आकाश तोमर ने ट्वीट करके बताया कि सुधीर सैनी की हत्या मामले में पुलिस ने जहांगीर और फरमान को गिरफ्तार कर लिया है।