वरीय संवाददाता,रांची। गो सेवा आयोग-झारखंड के अध्यक्ष राजीव रंजन प्रसाद और झारखंड चेंबर ऑफ कॉमर्स के पदाधिकारियों की एक बैठक चेंबर भवन में हुई। वार्ता के क्रम में उन्होंने प्रदेश में आयोग को सशक्त बनाने की दिशा में की जाने वाली अपनी भावी योजनाओं से अवगत कराया। यह भी कहा कि गौ सेवा के प्रति लोगों के जुड़ाव को बढ़ाने के उद्देश्य से आयोग द्वारा जल्द ही हमारी माता-हमारा दायित्व योजना लाई जा रही है। इस योजना की लांचिंग मुख्यमंत्री द्वारा की जायेगी। योजना की लांचिंग के दौरान उन्होंने झारखंड चेंबर ऑफ कॉमर्स को भी निमंत्रित किया। यह कहा कि इस योजना को एक ही दिन राज्य के सभी जिलों में एक साथ लांच किया जायेगा। इस योजना के माध्यम से इच्छुक लोग अपनी सामर्थ्य के अनुसार गौ माता के खर्च का वहन कर सकेंगे। इस योजना के माध्यम से जनता का सीधा जुड़ाव संभव होगा। प्राप्त राशि गौशाला को ट्रांसफर होगी और उसकी मॉनिटरिंग आयोग करेगा। ग्रामीण क्षेत्र की महिलाओं द्वारा गाय के गोबर से निर्मित उत्पादों को उपयुक्त मार्केट दिलाने के लिए संयुक्त प्रयास पर भी सहमति जताई गई। इसके लिए जल्द ही चेंबर भवन में एक कार्यशाला के आयोजन का भी निर्णय लिया गया। छत्तीसगढ़ की तर्ज पर गौठान बनाने की योजना से भी श्री प्रसाद ने अवगत कराया और कहा कि 6 राज्यों की योजनाएं मंगाई गई हैं, जिसके अध्ययन पश्चात कार्रवाई शुरू की जायेगी।





गोबर से निर्मित उत्पादों को बेहतर मंच देने के आग्रह पर चेंबर अध्यक्ष किशोर मंत्री और सह सचिव रोहित पोद्दार ने संयुक्त रूप से ऐसे समूह को एमएसएमई में निबंधित कराने में सहयोग के लिए आश्वस्त किया। यह भी कहा कि कुटीर उद्योग के क्षेत्र में रोजगार प्राप्त लोगों के प्रोत्साहन हेतु चेंबर द्वारा प्रत्येक वर्ष लगाये जाने वाले मेगा ट्रेड फेयर में भी स्टॉल्स उपलब्ध कराया जायेगा। गो सेवा आयोग के अध्यक्ष ने छह सितंबर को मोरहाबादी मैदान में आयोजित दही हांडी प्रतियोगिता में चेंबर पदाधिकारियों को निमंत्रित किया, जिसपर चेंबर पदाधिकारियों ने सहमति जताई। बैठक में चेंबर उपाध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा, अमित शर्मा, सह सचिव रोहित पोद्दार और शैलेश अग्रवाल शामिल थे।