चाईबासा।झारखंड के चाईबासा में एयरपोर्ट के पास एक 26 वर्षीय सॉफ्टवेयर इंजीनियर युवती के साथ गुरुवार शाम 10 लोगों द्वारा कथित तौर पर सामूहिक दुष्कर्म किए जाने से पूरे राज्य में हड़कंप मच गया है।इस मामले की जांच के लिए स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) का गठन किया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार पीड़ित युवती झींकपानी की रहने वाली है।युवती बेंगलुरु में सॉफ्टवेयर इंजीनियर है और इस समय वह चाईबासा शहर के कमरहातु में किराये का मकान लेकर रह रही थी।घर से ही अपना काम कर रही थी।
एसपी आशुतोष शेखर ने कहा कि पीड़िता ने बताया कि 20 अक्टूबर की शाम वह अपने एक दोस्त के साथ बाहर घूमने गई थी।वे सड़क किनारे बातचीत कर रहे थे। इस बीच 8-10 लोग उनके पास आ धमके। उन्होंने पहले उन दोनों के साथ मारपीट की और फिर पीड़िता को जबरन सुनसान जगह ले गए और गैंगरेप किया।
एसपी ने कहा कि पीड़िता द्वारा बताया गया है कि यह घटना गुरुवार की है। पीड़ित युवती का मेडिकल कराया गया, जिसमें बलात्कार की पुष्टि होने के बाद हमने 10 आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। इसके साथ ही इस केस की जांच के लिए SIT गठित की गई है।उन्होंने बताया कि हालांकि अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।आरोपियों की तलाश में छापेमारी की जा रही है। कुछ संदिग्ध लोग हैं जिन्हें चिन्हित कर पूछताछ की जा रही है।
पुलिस ने दर्ज मामले के आधार पर कहा कि गुरुवार की शाम युवती अपने एक दोस्त के साथ हवाई अड्डे की तरफ घूमने गई थी जहां वे स्कूटी खड़ी कर आपस में बात कर रहे थे कि तभी 9-10 अज्ञात युवक वहां आ धमके और युवक के साथ मारपीट कर उसका मोबाइल तथा रुपए छीन लिए तथा युवती के साथ गैंगरेप किया।
अधिकारियों ने कहा कि पीड़िता और उसका दोस्त घटना के बाद मुफस्सिल थाने पहुंचे और घटना की जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि कुछ लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है।





