पूर्वांचल सूर्य संवाददाता,पाकुड़।आम जनमानस की समस्याओं के समाधान और त्वरित निष्पादन को लेकर उपायुक्त मनीष कुमार द्वारा समाहरणालय सभागार में जनता दरबार का आयोजन किया गया।इस दौरान जिले के शहरी तथा ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों ने जनता दरबार में आकर अपनी समस्याओं को उपायुक्त के समक्ष रखा।
इस दौरान उपायुक्त मनीष कुमार द्वारा वहां उपस्थित सभी लोगों से एक-एक कर उनकी समस्याएं सुनी गयी और आश्वस्त किया गया कि संज्ञान में आए हुए सभी शिकायतों की जांच कराते हुए जल्द से जल्द सभी का समाधान किया जाएगा। इसके अलावा जनता दरबार के दौरान सेविका चयन से संबंधित मामले, पेंशन से संबंधित मामले, चौकीदार नियुक्ति से संबंधित मामले, जमीन से संबंधित मामले और अबुआ आवास से संबंधित मामले और विभिन्न आवेदन शिकायत के रूप में आये जो कि जिले के विभिन्न विभागों से संबंधित थे।
जनता दरबार में सभी शिकायतकर्ता की समस्याएं को सुनने के पश्चात उपायुक्त मनीष कुमार ने संबंधित विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी आवेदनों का भौतिक जांच करते हुए उसका समाधान जल्द से जल्द करें। इसके अलावा उपायुक्त ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि इन शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए एक सप्ताह के अंदर अपना प्रतिपुष्टि उपायुक्त कार्यालय को समर्पित करे ताकि शिकायतों के निष्पादन में आसानी हो।





