पलामू। झारखंड के पलामू जिले के हुसैनाबाद थाना क्षेत्र में जमीन विवाद को लेकर शुक्रवार को राजद प्रदेश अध्यक्ष सह पूर्व विधायक संजय कुमार सिंह यादव और झारखंड मुक्ति मोर्चा नेता वशिष्ठ कुमार सिंह उर्फ बबलू सिंह भिड़ गए।दोनों में जमकर मारपीट हुई और गोली भी चली।इस घटना में दोनों तरफ से छह लोग घायल हुए हैं।पूर्व विधायक संजय कुमार सिंह यादव वशिष्ठ सिंह में दस बीघे जमीन को लेकर विवाद है।
घटना में पहले पक्ष से घायल पूर्व विधायक संजय कुमार सिंह यादव, अभय यादव और मनोज कुमार और दूसरे पक्ष से घायल वशिष्ठ कुमार सिंह, उदय सिंह और रंजीत सिंह का हुसैनाबाद अनुमंडलीय अस्पताल में प्राथमिक इलाज किया गया। घायल वशिष्ठ कुमार सिंह को प्राथमिक इलाज के बाद मेदिनी राय मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया गया है। यहां से शुक्रवार की शाम झामुमो नेता को रिम्स रेफर कर दिया गया। झामुमो नेता को सिर में गंभीर चोट लगी है जबकि पूर्व विधायक को कनपटी में गहरी चोट है। विधायक ने हुसैनाबाद में थाने में झामुमो नेता व अन्य के खिलाफ प्राथमिकी करायी है।वशिष्ठ सिंह की ओर से थाने में आवेदन नहीं दिया गया है।
पूर्व विधायक ने मारपीट मामले में कराई प्राथमिकी
जमीन विवाद को लेकर हुसैनाबाद के सैदाबाद के मेहंदीनगर में राजद और झामुमो के नेताओं के बीच मारपीट की घटना से माहौल गर्म हो गया है।ये मारपीट जपला-नबीनगर रोड के रघुनाथ पेट्रोल पंप के पास हुई है। घटना में घायल पूर्व विधायक संजय कुमार सिंह यादव ने हुसैनाबाद थाने में लिखित शिकायत की है जबकि दूसरे पक्ष से अबतक पुलिस को आवेदन नहीं मिला है।
दूसरे पक्ष के वशिष्ट सिंह उर्फ बबलू सिंह गंभीर रूप से घायल होने के कारण मेदिनीनगर होते हुए रांची ले जाए गए हैं। इसके कारण उनके पक्ष का आवेदन शुक्रवार की शाम में हुसैनाबाद थाना में नहीं दिया गया है।इधर इस मामले को लेकर रांची स्तर से ही भी पहल शुरू हो गई है।
बाल-बाल बचे पूर्व विधायक
राजद के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार सिंह यादव द्वारा थाने में दर्ज शिकायत में कहा गया है कि मेंहदी नगर में उनके खेत में ट्रैक्टर से जुताई हो रही थी।इसी क्रम में मेहंदी नगर गांव निवासी वशिष्ठ सिंह उर्फ बब्लू सिंह, भगवान सिंह, दिलीप सिंह, राजेश्वर सिंह दस बारह अज्ञात व्यक्तियों के साथ हाथों में लाठी- डंडा, रॉड लेकर पहुंचे थे।वशिष्ठ सिंह हाथ में राइफल लेकर पहुंचते ही गाली गलौज करने लगे।खेत की जोताई रोकने लगे।जब उन्होंने कहा कि वे अपने खेत की जोताई कर रहे हैं, तो परेशानी क्या है।इतने में वशिष्ठ सिंह ने जान मारने की नीयत से उन पर गोली चला दी। राइफल पकड़कर उन्होंने ऊपर कर दी। इससे गोली उनकी कनपटी के बगल से गुजर गई।अन्य लोगों ने इसी बीच अंधाधुंध लाठी-डंडे और लोहे के रॉड से प्रहार कर दिया।जिससे उन्हें गंभीर चोट आई है और दाहिने हाथ में चोट है।इसमें छोटा भाई अभय यादव, भतीजा मनोज कुमार यादव भी जख्मी हो गए। मारपीट की इस घटना में वशिष्ठ सिंह भी गंभीर रूप से घायल हो गए।लोगों ने तत्काल उन्हें हुसैनाबाद अनुमंडलीय अस्पताल में पहुंचाया।चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद स्थिति को गंभीर हालत देखते हुए बेहतर इलाज के लिए मेदिनीनगर रेफर कर दिया।इस संबंध में वशिष्ठ सिंह उर्फ बबलू सिंह द्वारा थाने में आवेदन नहीं दिया गया है।
वशिष्ट सिंह पर अभय यादव के गले से सोने की चेन छीन की बात कही गई है। पूर्व विधायक ने कहा कि वे हरिहरगंज के कटैया गांव में तय एक कार्यक्रम के लिए घर से निकले थे। इसी क्रम में जमीन पर पहुंचने पर यह विवाद हुआ। जमीन 1925 में पलामू के डीसी ने सेटलमेंट से उनके दादा को दिया है।
हुसैनाबाद एसडीपीओ पूज्य प्रकाश ने बताया कि भूमि विवाद को लेकर दो पक्षों में मारपीट हुई है। गोली चलने की सूचना भी मिली है।पुलिस ने हर पहलू पर अनुसंधान शुरू कर दिया है। पुलिस ने खाली कारतूस जब्त कर लिया है।





